थाईलैण्ड में रायगढ़ छग की तीन खिलाड़ियों ने लहराया परचम
स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
थाईलैण्ड (पटाया) – थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रायगढ़ के तीन होनहार खिलाड़ियों ऋषि सिंह और अन्या सिंह ने स्वर्ण पदक , जबकि ऋषभ सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम कर शानदार उपलब्धि हासिल की। तीनों खिलाड़ियों की इस सफलता से रायगढ़ ही नहीं , बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। विदेशी धरती पर भारतीय तिरंगे को सम्मान दिलाने वाले इन खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुये अपनी मेहनत और आत्मविश्वास का परिचय दिया। ऋषि सिंह और अन्या सिंह ने अपने-अपने वर्ग में प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया , वहीं ऋषभ सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुये ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
ताइक्वांडो खिलाड़ी आनिया सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुये रायगढ़ और भारत का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दो पदक (एक स्वर्ण एवं एक कांस्य) जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। आनिया ने सब-जूनियर बालिका अंडर-20 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के लिये लगातार पांच मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की। अपने पहले मुकाबले में उन्होंने श्रीलंका की खिलाड़ी को हराया।
दूसरे मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की खिलाड़ी को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में आनिया ने कंबोडिया की खिलाड़ी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में उन्होंने रूस की खिलाड़ी को 13-6 के बड़े अंतर से हराते हुये अपनी श्रेष्ठता साबित की। फाइनल मुकाबले में आनिया ने मेजबान थाईलैंड की खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही आनिया ने प्रतियोगिता के एक अन्य वर्ग में कांस्य पदक भी जीतकर कुल दो अंतर्राष्ट्रीय पदक (स्वर्ण एवं कांस्य) अपने नाम किये।
आनिया सिंह की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे रायगढ़ में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि ना केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और भारत के लिये गर्व का विषय है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिये प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इन खिलाड़ियों की सफलता सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं है , बल्कि यह रायगढ़ के उन युवाओं के लिये भी बड़ी प्रेरणा है जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार अभ्यास , अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर इन खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि रायगढ़ के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि जिले में ताइक्वांडो और अन्य खेलों को नई दिशा देगी।
