आईजी अजय यादव ने समीक्षा बैठक में दिये लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
राजनंदगांव – पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज , राजनांदगांव अजय यादव (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय राजनांदगांव के मीटिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुये उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निराकरण के निर्देश दिये गये। विशेष रूप से माह मई से पूर्व के लंबित समस्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने , एक वर्ष से अधिक समय से लंबित आपराधिक प्रकरणों , चालान , खात्मा प्रकरणों , ब्लाइंड मर्डर केस एवं अन्य गंभीर प्रकरणों में गुणवत्ता पूर्ण विवेचना करते हुये समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये गये। सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा नवीन आपराधिक कानूनों एवं संगठित अपराधों से संबंधित प्रावधानों का प्रभावी उपयोग एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में प्रभावी विवेचना तथा सफेमा के अंतर्गत संपत्ति फ्रीजिंग एवं जब्ती की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। पुलिस महानिरीक्षक महोदय की अपराध समीक्षा बैठक के पश्चात पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों की पृथक बैठक ली गई। बैठक में अपराधों की समीक्षा करते हुये लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं विधिसम्मत निराकरण , विवेचना की गुणवत्ता में सुधार तथा अपराध नियंत्रण के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये गये।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराधों की नियमित समीक्षा करने तथा गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों में व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखते हुये त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। बैठक में पुलिस विभाग में अनुशासन बनाये रखने , विभागीय जांचों का समयबद्ध निराकरण करने तथा महिला संबंधी शिकायतों में संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार के साथ त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अवैध प्रवासियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिये गये।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा प्रार्थियों एवं आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार शालीन , संवेदनशील एवं सहयोगात्मक रखने के निर्देश दिये गये ताकि प्रत्येक व्यक्ति को पुलिस से सहज एवं सम्मानजनक व्यवहार प्राप्त हो। साथ ही आगामी दिनों में संभावित कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुये सतर्क एवं मुस्तैद रहने , संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिये पूर्व से आवश्यक पुलिस व्यवस्था एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये गये।
