August 8, 2026

असली नोट बनाने का झांसा देकर ठगी करने के तीन आरोपी जेल दाखिल

DSC8826

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर – काले कागज पर केमिकल डालकर उसे असली नोट बनाने का झांसा देकर पचास हजार रूपये की मांग कर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को सायबर थाना जांजगीर के संयुक्त कार्यवाही से थाना नवागढ़ पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय ने अरविन्द तिवारी को बताया थाना नवागढ़ निवासी साहिल कुमार ने पुलिस को बताया कि लगभग दस दिन पहले उनके पिता के मोबाइल पर तेरस राम महिपाल नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने स्वयं को केमिकल एक्सपर्ट बताते हुये दावा किया कि उसके पास ऐसा काला कागज है जिसे विशेष केमिकल की मदद से असली भारतीय मुद्रा में बदला जा सकता है। आरोपी ने पचास हजार लेकर दो लाख पचास हजार रूपये मूल्य का काला कागज और केमिकल देने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर प्रार्थी 06 अगस्त 2026 को गोविदा पुल के पास पहुंचा , जहां तेरस महिपाल के साथ शिव प्रसाद मनहर और रामरतन साहू भी मौजूद थेश।

तीनों आरोपियों के द्वारा प्रार्थी से काले कागज (जाली नोट) के बदले पचास हजार रूपये नगद मांगा जा रहा था , जिस पर प्रार्थी को ठगी का संदेह होने से आरोपियों से पूछताछ करने पर तीनों वहां से भाग गये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत धारा 318(2) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में सायबर थाना जांजगीर एवं थाना नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये तीनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल किया।

धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना नवागढ़ पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। मामले का मास्टर माइंड आरोपी शिवप्रसाद मनहर जो पूर्व में थाना जैजैपुर के चौबीस लाख रुपये की नकली नोट एवं रायपुर के गंज थाने में पचासी लाख रुपये के नकली नोट के मामले में चालान हो चुका है।

इस सम्पूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय थाना प्रभारी नवागढ़ , सायबर थाना से निरीक्षक भास्कर शर्मा , सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह , प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा , आरक्षक गिरीश कश्यप और प्रदीप दुबे का सराहनीय योगदान रहा।

जप्त सामाग्री –

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद प्लास्टिक डिब्बे में भरा सफेद केमिकल पाउडर , 06 नग काले रंग का केमिकल लगा हुआ नोट जैसा दिखने वाला कागज , और एक – एक नग गुलाबी कलर का ओप्पो मोबाइल , रेडमी कंपनी का मोबाइल और रियल मी कंपनी का मोबाइल।

गिरफ्तार आरोपीगण –

तेरस राम महिपाल उम्र 34 वर्ष निवासी – तालदेवरी , थाना – बिर्रा , रामरतन साहू उम्र 35 वर्ष निवासी – करौबाडीह , थाना – जैजैपुर और शिव प्रसाद मनहर उम्र 36 वर्ष निवासी – करौबाडीह , थाना – जैजैपुर , जिला – सक्ती (छत्तीसगढ़)।