August 9, 2026

आतिशी ने छोड़ा दिल्ली की मुख्यमंत्री का पद

DSC929255

उपराज्यपाल को सौंपा इस्तीफा; विधानसभा भी हुई भंग

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी की हार के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने आज उपराज्यपाल वीके से मुलाकात पर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। आतिशी द्वारा त्याग पत्र दिए जाने के एलजी ने दिल्ली विधानसभा को भंग करने की अधिसूचना भी जारी कर दी है।

अरविंद केजरीवाल द्वारा मुख्यमंंत्री पद छोड़ने के बाद उन्होंने पिछले साल 21 सितंबर को दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि, उनका कार्यकाल महज साढ़े चार महीने का ही रहा। आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं थीं। उनसे पहले भाजपा की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज और 15 साल तक दिल्ली पर शासन करने वाली कांग्रेस की दिवंगत नेता शीला दीक्षित भी दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।

शनिवार को आए 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा के नतीजों में भाजपा ने 48 सीट पर जीत दर्ज की हैं। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) को 22 सीटें ही मिली हैं, जबकि कांग्रेस लगातार तीसरी बार अपना खाता नहीं खोल सकी।

दिल्ली में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बीच अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी के अलावा तीन मंत्रियों गोपाल राय, मुकेश अहलावत और इमरान हुसैन ने जीत के साथ पार्टी की कुछ हद तक साख कायम रखी।कालकाजी विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरीं ‘आप’ की प्रमुख रणनीतिकार आतिशी ने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3,521 मतों के अंतर से हराया।

केजरीवाल-सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज तक हारे

नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़े आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भाजपा के प्रवेश वर्मा ने 4,089 मतों से हरा दिया। उन्हें कुल 30,088 वोट मिले, जबकि ‘आप’ सुप्रीमो केजरीवाल 25,999 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। जंगपुरा विधानसभा सीट पर मनीष सिसोदिया भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह से सिर्फ 675 मतों से हार गए, जबकि मंत्री सौरभ भारद्वाज को ग्रेटर कैलाश में भाजपा की शिखा रॉय ने 3,188 मतों से हराया।