August 10, 2026

प्रवेश, आशीष या सतीश… दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन

bjp

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में धमाकेदार जीत दर्ज की है। 27 साल बाद सत्ता में वापसी कर रही भाजपा में मुख्यमंत्री के लिए कई नाम रेस में हैं। बताया जा रहा है कि नया मुख्यमंत्री चुने गए विधायकों में से ही कोई होगा। हालांकि पार्टी इससे पहले तमाम फैक्टर्स पर भी गौर कर रही है। इसमें राष्ट्रीय राजधानी में जातिगत संतुलन को भी देखा जा रह है। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम के तौर पर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता आदि के नाम चल रहे हैं।

दिल्ली में मुख्यमंत्री के साथ-साथ डिप्टी सीएम भी रखने की चर्चा है। बताया जाता है कि भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व चाहता है कि नया मुख्यमंत्री चुने गए विधायकों में से ही कोई बने। हालांकि इस फैसले में हफ्ते भर का समय लग सकता है। असल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर निकलने वाले हैं। ऐसे में पूरी संभावना है कि इससे पहले ही दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुन लिया जाएगा।

इन नामों पर भी चर्चा

दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए सबसे ज्यादा चर्चा प्रवेश वर्मा के नाम पर है। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल को हराने के साथ उन्होंने पुख्ता दावा पेश किया है। अपना विजयी सर्टिफिकेट लेने से पहले वर्मा ने दिल्ली के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। प्रवेश वर्मा एक जाट नेता हैं और दिल्ली की 10 फीसदी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी उनकी पकड़ काफी मजबूत है।

अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में आशीष सूद भी एक अहम नाम हैं। वह भाजपा में एक प्रमुख पंजाबी चेहरा हैं। आशीष सूद ने अपनी सियासी यात्रा एबीवीपी के साथ शुरू की और पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ काम कर चुके हैं। फिलहाल वह गोआ में पार्टी के मामलों को देखते हैं साथ ही उनके ऊपर जम्मू और कश्मीर की भी जिम्मेदारी है।

कैबिनेट के लिए यह नाम चर्चा में

भाजपा दिल्ली कैबिनेट में एक सिख चेहरे को भी शामिल कर सकती है। इसके लिए राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा पहली पसंद बताए जा रहे हैं। वहीं, मनीष सिसोदिया को जंगपुरा में हराने वाले तरविंदर सिंह मारवाह भी एक अन्य दावेदार बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कम से कम एक महिला विधायक भी कैबिनेट में शामिल हो सकती है। इसके लिए शिखा रॉय, रेखा गुप्ता, पूनम शर्मा और नीलम पहलवान के नाम चर्चा में हैं। चार एससी विधायकों को भी दिल्ली सरकार में मौका दिया जा सकता है।