ऑनलाइन सट्टा संचालन करने के तीन आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर ऑनलाइन सट्टा संचालन करने के तीन आरोपियों को एसीसीयू टीम के संयुक्त कार्यवाही से सिटी कोतवाली पुलिस ने छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिवत कार्यवाही कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार आज थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कंडरापारा में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ऋषभ नगर स्थित एक मकान में आईपीएल क्रिकेट मैच (चेन्नई बनाम दिल्ली) के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस एवं एसीसीयू टीम द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुये मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। मौके पर तीन व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाये गये , जो लोगों से संपर्क कर मैच में हार-जीत पर पैसों का दांव लगवा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों द्वारा सट्टा संचालन करना स्वीकार किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 187/2026 धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली के उनि निर्मल सिंह ध्रुव , प्रधान आरक्षक राकेश निर्मलकर , आरक्षक कमलकांत अंगूरे , केशव कुमार , गजेन्द्र यादव एवं एसीसीयू टीम के सउनि संतोष कुमार मिश्रा , गुप्तेश्वर सिंह , भरत यादव , प्रधान आरक्षक प्रदीप सिंह , आरक्षक नासिर बक्श , जुगनू तिवारी एवं महिला आरक्षक प्रतिभा तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण –
विकास जैन उम्र 45 वर्ष निवासी ऋषभ नगर दुर्ग , रौनक ताम्रकार उम्र 38 वर्ष निवासी शिवपारा दुर्ग और प्रवीण ताम्रकार उम्र 20 वर्ष निवासी गवलीपारा दुर्ग , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री –
चार नग मोबाइल फोन (कीमती लगभग 40,000 रुपये) , नगदी रकम 9,810 रुपये कुल जुमला 49,810 रुपये।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के अवैध सट्टा एवं जुआ गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
