सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ संवाद बैठक आयोजित
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में आज सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर से लेकर आरक्षक स्तर तक के लगभग 60 सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी उपस्थित सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया गया एवं उन्हें अपने 38-40 वर्षों की सेवा अवधि में अर्जित अनुभवों को साझा करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस दौरान पुलिसिंग को अधिक प्रभावी , पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के संबंध में विभिन्न सुझाव/विचार प्राप्त हुये। सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा पुलिस की छवि सुधार हेतु आम नागरिकों के साथ व्यवहार में संवेदनशीलता , शिकायतों का त्वरित निराकरण , समय पर मौके पर पहुंचकर कार्यवाही , बीट स्तर पर नियमित संवाद तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। साथ ही उन्हें अपने निवास क्षेत्र में होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि , संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया तथा अपनी व्यक्तिगत अथवा सामाजिक समस्याओं से पुलिस को अवगत कराने हेतु भी कहा गया। बैठक में पुलिस एवं समाज के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने , जनसहभागिता बढ़ाने एवं पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण हेतु विशेष बल दिया गया। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में निवासरत सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों की अद्यतन जानकारी संधारित करें , बीट अधिकारियों/कर्मचारियों के माध्यम से नियमित संपर्क बनाये रखें , व्हाट्सएप ग्रुप का गठन कर सतत संवाद स्थापित करें तथा मोहल्ला एवं बीट पुलिसिंग में उनका सहयोग सुनिश्चित करें।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील करती है कि कानून व्यवस्था बनाये रखने में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध/संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें , जिससे समय पर प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
