सूने मकानों में चोरी करने के छह आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतर्जिला गिरोह के मुख्य आरोपी सहित छह आरोपियों को थाना जामुल पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं इस प्रकरण में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल सम्प्रेक्षण गृह भेजा गया है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल ने बताया प्रार्थिया सिम्मी अहिरवार निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि गत माह 13 अप्रैल की रात्रि अज्ञात आरोपी द्वारा उनके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश कर आलमारी में रखी नगदी रकम एवं चांदी के सामान चोरी कर लिये गये। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 251/2026 धारा 331(4) , 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इसी प्रकार प्रार्थी देव सिंह थापा निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे अपने परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गये हुये थे। गत माह 24 अप्रैल से 28 अप्रैल के मध्य अज्ञात चोरों द्वारा सूने मकान का ताला एवं आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात , नगदी रकम एवं घरेलू सामान चोरी कर लिया गया। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 314/2026 धारा 331(4) , 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुये एसीसीयू एवं थाना जामुल की संयुक्त टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज , मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार पतासाजी की जा रही थी। जांच के दौरान संदेह के आधार पर आदतन आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविन्द्रर उर्फ सरदार को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपीगण से पूछताछ कर उनके कब्जे से चोरी गये सोने-चांदी के जेवरात , घरेलू सामान एवं अन्य मशरूका बरामद किया गया। विवेचना के दौरान चोरी के पैसों से खरीदे गये 02 नग वीवो कंपनी के मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन एवं दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त औजार भी जप्त किये गये। आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है। उक्त कार्यवाही में एसीसीयू टीम एवं थाना जामुल पुलिस की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही। टीम द्वारा लगातार तकनीकी साक्ष्य संकलन, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपीगण –
अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविन्द्रर उर्फ सरदार उम्र 25 वर्ष निवासी जवाहर नगर बाम्बे आवास वैशाली नगर जिला – दुर्ग , सोनू सरदार उर्फ पुच्ची उर्फ हर्ष उम्र 19 वर्ष निवासी जवाहर नगर बाम्बे आवास वैशाली नगर जिला – दुर्ग , तोप सिंह बंजारे उम्र 30 वर्ष निवासी जवाहर नगर बाम्बे आवास वैशाअली नगर जिला – दुर्ग , शेख रशीद उम्र 29 वर्ष निवासी शारदा पारा कैंप-2 भिलाई जिला – दुर्ग , हेमा जांगड़े उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम – मदनपुर थाना – नवागढ़ जिला – बेमेतरा वर्तमान पता विज्ञान केंद्र के पास सड्डू रायपुर , रूबी कौर उम्र 32 वर्ष निवासी हाउसिंग बोर्ड जवाहर नगर वैशाली नगर जिला – दुर्ग और एक विधि विरुद्ध बालक।
जप्त सामाग्री –
सोने की अंगूठी 01 नग , सोने का हार 01 नग , सोने का लॉकेट 01 नग , कान की बाली 01 जोड़ी , चांदी का पायल 01 जोड़ी , चांदी की बिछिया 01 जोड़ी , चांदी का कड़ा 01 जोड़ी , चांदी की चेन 01 नग , चांदी का सिक्का 01 नग , चांदी का लोटा 01 नग , एलसीडी टीवी 01 नग , वीवो कंपनी के मोबाइल फोन 02 नग , घटना में प्रयुक्त एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 डीजी 9853 , दरवाजा तोड़ने में प्रयुक्त औजार सहित कुल अनुमानित मशरूका कीमत लगभग 05 लाख रुपये।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घर को सूना छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में आसपास के लोगों को सूचना अवश्य दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
