45वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लक्ष्मी नारायण वर्मा को मिला कांस्य पदक
प्रतियोगिता के पहले दिन छत्तीसगढ़ राज्य को शानदार मिली सफलता
रायपुर। 13 से 15 फरवरी तक जबलपुर में आयोजित 45वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में देशभर के 21 राज्यों के खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छत्तीसगढ़ से 40 सदस्यीय महिला एवं पुरुष दल ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में प्राथमिक शाला सिलयारी के प्रधान पाठक लक्ष्मी नारायण वर्मा ने चार वर्षों के लंबे संघर्ष और निरंतर अभ्यास के बाद पहली बार 55 प्लस आयु वर्ग की लंबीकूद स्पर्धा में 14 फीट 14 सेंटीमीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए भी गौरव का विषय है।
प्रतियोगिता के पहले ही दिन छत्तीसगढ़ राज्य को शानदार सफलता मिली, जिसमें 6 स्वर्ण पदक, 9 रजत पदक, 10 कांस्य पदक प्राप्त हुए।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर दल के कोच श्री गुलाब नंद एवं मैनेजर श्री अशोक राव ने सभी खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की आशा व्यक्त की।
