May 10, 2026

हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी जेल दाखिल

DSc105262

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग – मुखबिर की सूचना पर होली खेलने के दौरान खड़े होने की बात पर विवाद बढ़ने पर गाली गलौज करते हुये ईंट से सिर पर हमला करने के फरार आरोपी को थाना वैशाली नगर पुलिस ने घेराबंदी करते हुये विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।‌ प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा जा चुका है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल ने बताया विगत माह 04 मार्च को प्रार्थी नंदन कुमार साव उम्र 24 वर्ष निवासी जैतखाम बी.एम. शाह अस्पताल के पास , थाना वैशाली नगर अपने दोस्त के साथ राजीव नगर जैतखाम के पास होली खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के आरोपी अमन एवं मनोहर वहां पहुंचे और वहां खड़े होने की बात को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुये ईंट से सिर पर हमला किया गया , जिससे प्रार्थी को गंभीर चोट आई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 100/2026 धारा 109 , 296 , 118(1) , 119(1) , 351(3) , 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान घायल प्रार्थी के कथन के आधार पर आरोपी अमन मारकण्डेय एवं कली उर्फ कली बाई को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा जा चुका है। प्रकरण का मुख्य आरोपी मनोहर टंडन घटना दिनांक से फरार था , जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अपने निवास स्थान पर आया हुआ है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना करना स्वीकार करने पर थाना वैशाली नगर पुलिस ने आज आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया ,जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपी की लगातार पतासाजी कर त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी –

मनोहर टंडन उम्र 21 वर्ष निवासी – शास्त्री नगर कैम्प-1 मानिक होटल के पीछे , थाना – छावनी , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

दुर्ग पुलिस की अपील –

दुर्ग पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में ना लें तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।