नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – रायपुर एम्स में नौकरी लगाने का झांसा देकर प्रार्थी से साढ़े चौदह लाख रुपये की धोखाधड़ी कर लगातार फरार चल रहे आरोपी को थाना वैशाली नगर पुलिस ने लखनऊ से विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल ने बताया प्रार्थी मुकेश कोसरे निवासी वृंदा नगर कैम्प-1 भिलाई द्वारा विगत माह 13 जनवरी को थाना वैशाली नगर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जयसवाल स्वयं की बड़े अधिकारियों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से पहचान होना बताते हुये रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपी द्वारा नौकरी लगवाने के एवज में रकम की मांग की गई तथा ज्वाइनिंग लेटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। प्रार्थी आरोपी के झांसे में आकर सितम्बर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के मध्य अपने एसबीआई खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14,50,000 रुपये आरोपी को प्रदान किया। इसके बाद आरोपी द्वारा लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने एवं राशि वापस करने के नाम पर टालमटोल किया जाता रहा। बाद में आरोपी अपने निवास स्थान से फरार हो गया तथा प्रार्थी की राशि वापस नहीं की गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। साइबर सेल भिलाई की सहायता से आरोपी के मोबाइल नंबर एवं बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। प्राप्त मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी के लखनऊ (उत्तरप्रदेश) में होने की जानकारी प्राप्त हुई। तत्काल पुलिस टीम गठित कर लखनऊ रवाना किया गया , जहां से आरोपी अभिषेक जायसवाल को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर थाना वैशाली नगर लाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किये जाने से थाना वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्यवाही में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम एवं साइबर सेल भिलाई की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी –
अभिषेक जायसवाल उम्र 31 वर्ष निवासी – सेक्टर-6 सड़क-12 , मकान नंबर 05 , बीएसपी स्कूल के पास , थाना भिलाई नगर , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री –
प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं तकनीकी साक्ष्य।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के राशि प्रदान ना करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
