August 8, 2026

रायपुर की खारून नदी पर बनी छत्तीसगढ़ी क्राइम थ्रिलर “खारून पार” का फर्स्ट लुक जारी, सोशल मीडिया पर बढ़ी उत्सुकता

21d52d1e-a929-46cf-92f3-e790c06f0af0

रिपोर्ट- इतेश न्यूज़ सर्विस 

रायपुर – रायपुर की प्रसिद्ध खारून नदी, जिसे महादेव घाट के नाम से भी जाना जाता है, पर आधारित छत्तीसगढ़ी क्राइम थ्रिलर फ़िल्म “खारून पार” का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया है। पोस्टर और लुक देखकर यह फिल्म एक सस्पेंस-थ्रिलर लग रही है, जो छत्तीसगढ़ी सिनेमा में कम ही देखने को मिलती है। अब तक यहां फ़ैमिली ड्रामा और लव स्टोरी के विषय पर ज्यादा फिल्में बनती रही हैं, ऐसे में यह नई कोशिश दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रही है। फिल्म 12 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

यंग स्टारकास्ट पर टिकी निगाहें
फ़िल्म में “ले शुरू होगे मया के कहानी” और “मोर छैयाँ भुइयाँ 2” की अभिनेत्री एल्सा घोष मुख्य भूमिका में नज़र आएंगी, जबकि उनके अपोज़िट “ले चलहू तोला अपन दुवारी” के लीड एक्टर शील वर्मा होंगे। इसके अलावा “वैदेही” और “दंतेला” के स्टार विशाल दुबे, राया डिंगोरिया और लोकप्रिय कॉमेडियन अमन सागर भी अहम किरदार निभाते नज़र आएंगे। यह फिल्म मल्टी-स्टारर होगी और इसकी स्टारकास्ट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जोरों पर है।

‘सरकारी अफ़सर’ के बाद मेकर्स का दूसरा प्रोजेक्ट
“खारून पार” का निर्माण इनसाइड मी ओरिजनल्स के बैनर तले हुआ है। यही टीम हाल ही में CGPSC परीक्षा पर आधारित चर्चित वेब सीरीज़ “सरकारी अफ़सर” बना चुकी है, जिसे यूट्यूब पर लाखों दर्शकों ने देखा था। इस फ़िल्म के निर्माता-निर्देशक दल में NIT रायपुर के छात्र रहे दिव्यांश सिंह, साईं भरत, विवेक कुमार और ऋत्विक सिन्हा शामिल हैं, जिन्होंने इंजीनियरिंग के बाद फ़िल्ममेकिंग को करियर चुना। स्टारकास्ट से लेकर क्रू तक, पूरी टीम युवा है, जिससे यह देखना दिलचस्प होगा कि युवाओं का यह क्राइम-थ्रिलर प्रयोग दर्शकों के बीच कितना सफल होता है।