June 13, 2026

छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट: राज्य में आएगा ₹9,580 करोड़ का निवेश, मिलेंगे 7,800+ रोजगार

100426

रायपुर, 12 जून 2026: छत्तीसगढ़ ने देश-विदेश के निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ (Chhattisgarh Investor Connect) कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की सात प्रमुख कंपनियों ने 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इन परियोजनाओं से राज्य में 7,800 से अधिक रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

निवेशकों के लिए बिछा है ‘रेड कारपेट’: मुख्यमंत्री साय

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा, “विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में छत्तीसगढ़ तेजी से उभर रहा है। राज्य में निवेशकों के लिए ‘रेड कारपेट’ बिछा हुआ है।”

इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन सहित दक्षिण भारत के कई बड़े उद्योगपति, निवेशक और कारोबारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद से राज्य को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के साथ-साथ जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। राज्य सरकार इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज उद्योगों के लिए आसान प्रक्रियाएं, सिंगल विंडो व्यवस्था, बेहतर बुनियादी सुविधाएं और उद्योग अनुकूल नीतियां उपलब्ध करा रहा है।

देश का सबसे उपयुक्त लॉजिस्टिक और पावर हब

छत्तीसगढ़ की रणनीतिक स्थिति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सात राज्यों से घिरा हुआ है और 60 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं तक इसकी सीधी पहुंच है। बेहतर रेलवे नेटवर्क, भारतमाला परियोजना, एयर कार्गो सुविधाओं और खनिज संसाधनों की प्रचुरता इसे उद्योगों के लिए अनुकूल बनाती है।

इसके अलावा, छत्तीसगढ़ देश में ग्रीन स्टील को बढ़ावा देने में अग्रणी है। अकेले ऊर्जा क्षेत्र में राज्य को 3.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे प्रदेश पावर हब के रूप में उभर रहा है।

इन 7 कंपनियों को मिले ऑफर लेटर, खुलेगा रोजगार का रास्ता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सात प्रमुख कंपनियों को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ (ऑफर लेटर) प्रदान किए। इन कंपनियों का विवरण नीचे दिए अनुसार है:

हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड: यह कंपनी ₹4,200 करोड़ के निवेश से भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी, जिससे 250 रोजगार मिलेंगे।

फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड: सीमेंट क्षेत्र में ₹2,912 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड: एआई (AI), जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर और सेमीकंडक्टर असेंबली के लिए ₹1,000 करोड़ का निवेश करेगी। इससे 200 रोजगार सृजित होंगे।

एसजी MART लिमिटेड: सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र में ₹700 करोड़ का निवेश करेगी। इससे 450 लोगों को रोजगार मिलेगा।

श्री सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड: वस्त्र और परिधान निर्माण इकाई के लिए ₹528 करोड़ का निवेश करेगी। इससे 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

काब्रा ड्रग्स: फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में ₹200 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे 250 रोजगार मिलेंगे।

दिनशॉज़ डेयरी फूड्स: डेयरी प्रसंस्करण क्षेत्र में ₹40 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे 150 लोगों को काम मिलेगा।

इन दिग्गज कंपनियों के साथ भी हुई बैठक

हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री और राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने पेज इंडस्ट्रीज, डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस एनर्जी, सेल्कॉन ग्रुप और मैग्नमविंग्स जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इसके अलावा स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रायपुर के टाटीबंध में 650 बिस्तरों वाले चैरिटेबल अस्पताल की स्थापना पर चर्चा की।

भविष्य के उद्योगों (Future Industries) पर विशेष फोकस

इस इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में पारंपरिक उद्योगों के अलावा भविष्य की तकनीकों पर खास फोकस रहा। इसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित सेक्टर्स में निवेश के अवसरों को प्रस्तुत किया गया:

आईटी और डेटा सेंटर (IT & Data Center)

सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स (Semiconductor)

एयरोस्पेस एवं रक्षा (Aerospace & Defense)

ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग

कार्यक्रम में शामिल रहे ये वरिष्ठ अधिकारी

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राज्य के प्रशासनिक अमले से सीएसआईडीसी के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर सुश्री रितु सैन, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार तथा उद्योग विभाग के संचालक श्री प्रभात मलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed