September 29, 2026

पेरिस फैशन वीक में ऐश्वर्या राय का रॉयल अंदाज, एफिल टावर के सामने किया रैंप वॉक

260926

दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने सोमवार को पेरिस फैशन वीक 2026 में रैंप पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। एफिल टावर के बैकग्राउंड में उनका लुक और रैंप वॉक खास आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान ऐश्वर्या बेहद रॉयल अंदाज में नजर आईं और उन्होंने अपने लुक से फैशन इवेंट में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। पेरिस फैशन वीक के इस इवेंट में ऐश्वर्या के अलावा सिमोन ऐशली, सेलीन डियोन, ईवा लॉन्गोरिया और केंडल जेनर जैसी इंटरनेशनल हस्तियों ने भी रैंप वॉक किया।

वेलवेट ड्रेस के साथ पहना डायमंड क्राउन

ऐश्वर्या राय ने इस खास मौके के लिए यारा शूमेकर का वेलवेट आउटफिट चुना। उनके पहनावे में रॉयल टच साफ नजर आया। आउटफिट के साथ उन्होंने डायमंड क्राउन भी पहना, जिसने उनके पूरे लुक को और खास बना दिया। रैंप पर चलते समय ऐश्वर्या ने हाथ जोड़कर नमस्ते भी किया। उनके इस अंदाज ने इवेंट में भारतीय संस्कृति की झलक भी दिखाई। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में वह पूरे आत्मविश्वास के साथ रैंप पर चलती नजर आ रही हैं।

केंडल जेनर और सिमोन ऐशली के साथ शेयर किया मंच

इवेंट के दौरान ऐश्वर्या ने कई इंटरनेशनल सेलेब्स के साथ मंच साझा किया। इनमें केंडल जेनर और सिमोन ऐशली भी शामिल रहीं। ऐश्वर्या और केंडल जेनर दोनों लॉरियल की ब्रांड एंबेसेडर हैं। फैशन वीक से पहले का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें ऐश्वर्या राय सिमोन ऐशली का हाथ थामकर उनसे बातचीत करती दिखाई दीं। सिमोन ऐशली को लोकप्रिय सीरीज ‘ब्रिजटन’ के लिए जाना जाता है। बैकस्टेज से भी दोनों की कई तस्वीरें सामने आई हैं।

रिहाना समेत कई सितारे रहे मौजूद

पेरिस फैशन वीक के इस आयोजन में कई चर्चित अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी नजर आईं। पॉप स्टार रिहाना ऑडियंस में बैठकर रैंप वॉक देखती दिखाई दीं। इस दौरान उन्होंने गोल्डन शिमरी ड्रेस पहनी हुई थी। इवेंट से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में अलग-अलग सितारे रैंप पर नजर आए। मीका अडाला ने भी इस फैशन इवेंट में वॉक की।

क्यों खास है पेरिस फैशन वीक?

पेरिस फैशन वीक को दुनिया के प्रमुख फैशन आयोजनों में शामिल किया जाता है। इस आयोजन में बड़े फैशन ब्रांड अपने नए कलेक्शन पेश करते हैं। यहां पेश किए जाने वाले डिजाइन और कलेक्शन फैशन की दुनिया में आने वाले नए ट्रेंड्स की झलक देते हैं।

पेरिस फैशन वीक साल में चार बार आयोजित किया जाता है। अलग-अलग मौसम के हिसाब से फैशन कलेक्शन पेश किए जाते हैं। इसी वजह से दुनियाभर के फैशन डिजाइनर्स, मॉडल्स और सेलिब्रिटीज की नजर इस आयोजन पर रहती है।

ऐश्वर्या राय की इस बार की मौजूदगी ने एक बार फिर उन्हें इंटरनेशनल फैशन मंच पर सुर्खियों में ला दिया है। एफिल टावर के बैकग्राउंड में उनका रॉयल लुक और भारतीय अंदाज खास तौर पर चर्चा में रहा।