डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी एप से श्रमिकों को मिलेगा सीधा रोजगार
डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी एप से श्रमिकों को मिलेगा सीधा रोजगार
रायपुर, 29 अप्रैल 2026, छत्तीसगढ़ शासन ने श्रमिकों और नियोजकों के बीच की दूरी कम करने तथा रोजगार के अवसरों को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी” मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह आधुनिक प्लेटफॉर्म राज्य के पंजीकृत श्रमिकों को सीधे रोजगार से जोड़ने का कार्य करेगा। इस ऐप के माध्यम से अब नियोजक और श्रमिक सीधे एक-दूसरे से संपर्क कर सकेंगे, जिससे रोजगार प्रक्रिया अधिक सरल और तेज होगी। शासन की इस पहल से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और श्रमिकों को उनके कौशल और अनुभव के आधार पर त्वरित काम उपलब्ध कराया जाएगा।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी एप के माध्यम से रोजगार प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनेगी। श्रमिक और ठेकेदार गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर आसानी से अपना पंजीयन स्वयं कर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया अधिक सुलभ बनेगी। इस प्लेटफॉर्म पर श्रमिकों को उनके हुनर और अनुभव के आधार पर कार्य उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें उचित अवसर मिलने के साथ-साथ आय में भी वृद्धि होगी। शासन का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक रोजगार पहुंचाना है। इसी क्रम में श्रम विभाग द्वारा जिला स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर श्रमिकों को इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।
