बुराई को त्याग कर सत्य की राह अपनाने प्रेरित करता है विजयादशमी पर्व- मुख्यमंत्री श्री साय
बुराई को त्याग कर सत्य की राह अपनाने प्रेरित करता है विजयादशमी पर्व- मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर,मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज विजयादशमी पर्व के अवसर पर श्री दूधाधारी मठ रावणभाठा के दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई को त्याग कर सत्य की राह अपनाने प्रेरित करता है ।
मुख्यमंत्री ने कहा मुझे यहां आकर बहुत प्रसन्नता हो रही है। मुझे जानकारी दी गयी है कि इस मैदान पर दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम का यह 170वां वर्ष है।
विजयादशमी पर्व पर हमें काम, क्रोध, लोभ, मद और मत्सर रूपी मन के रावण का वध करने की जरूरत है। विश्व मे शांति और भाईचारे की स्थापना के लिए आवश्यक है कि हम अपने अंदर के रावण का वध करें । हमें छत्तीसगढ़ में राम-राज स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री दूधाधारी मठ रावण भाठा के दशहरा मैदान के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित करने के लिए 50 लाख रुपये की राशि प्रदाय करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि हम हमारे देश की पुरानी विरासत को सहेजते हुए विकास के पथ पर अग्रसर हों। नौ दिन नवरात्रि पर्व मनाया गया है। माता दुर्गा और प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में खुशहाली लायें।
इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद श्री सुनील सोनी, पूर्व मंत्री व विधायक श्री कवासी लखमा, श्री अंजय शुक्ला, श्री सुभाष तिवारी, श्री मनोज वर्मा, श्री सुशील ओझा, श्री उमेश गुप्ता, श्री आकाश विग सहित सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के सदस्य व विशाल जनसमूह उपस्थित था।
