June 26, 2026

सब्बल से सिर पर वार कर हत्या करने के दो आरोपी जेल दाखिल

DSC26626 copy

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग – शराब पीने के दौरान हुये आपसी विवाद में सब्बल से सिर पर लगातार प्रहार कर हत्या की घटना को अंजाम देने के दो आरोपियों को थाना नंदिनी नगर पुलिस ने मात्र छह घंटे के भीतर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार ग्राम डूमर के कोटवार के माध्यम से आज सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है , जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। सूचना पर थाना नंदिनी नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक रूप से मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव पर अंकित गोदना एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान चेतन ठाकुर उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम – पथरिया के रूप में की गई। मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटनास्थल निरीक्षण , मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र छह घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर , सोमनाथ उर्फ लालू यादव एवं राहुल कुर्रे रात्रि में एक साथ शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान आपसी विवाद होने पर देर रात्रि लगभग एक बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से मृतक के सिर पर लगातार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने घटना में प्रयुक्त सब्बल एवं अपने पहने हुये कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया था।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना स्वीकार करने पर मुख्य आरोपी की निशानदेही से एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से घटना में प्रयुक्त सब्बल एवं आरोपी के पहने हुये कपड़े बरामद कर जप्त किये गये। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना नंदिनी नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना नंदिनी नगर के थाना प्रभारी एवं थाना स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सराहनीय रही। साथ ही घटना में प्रयुक्त सब्बल एवं कपड़ों की बरामदगी में एसडीआरएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपीगण –

सोमनाथ उर्फ लालू यादव उम्र 22 वर्ष और राहुल कुर्रे उम्र 22 वर्ष दोनो निवासी ग्राम – डूमर , थाना – नंदिनी नगर , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

जप्त सामाग्री –

घटना में प्रयुक्त एक सब्बल और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गये कपड़े।

दुर्ग पुलिस की अपील –

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में ना लें तथा किसी भी आपराधिक घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।