August 10, 2026

ज्वेलर्स दुकान में चोरी का प्रयास करने के दो आरोपी जेल दाखिल

140126

ज्वेलर्स दुकान में चोरी का प्रयास करने के दो आरोपी जेल दाखिल

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग – कैलाश नगर स्थित चौरसिया ज्वेलर्स में दीवाल तोड़कर चोरी का प्रयास करने के दो आरोपियों को थाना जामुल पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार प्रार्थी गोपाल चौरसिया निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई ने विगत दिवस 14 जनवरी को थाना जामुल में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि कैलाश नगर मोहनी मंगल के बगल में इसका चौरसिया ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलर्स दुकान है। जिसे दिनांक 13 जनवरी की रात्रि लगभग साढ़े नौ बजे बंदकर अपने घर चला गया था।

दूसरे दिन 14 जनवरी को सुबह लगभग चार बजे पड़ोसियों द्वारा फोन कर बताया गया कि आपकी दुकान से आवाजे आ रही है। प्रार्थी द्वारा जामुल पुलिस को सूचना दिया गया। जामुल पुलिस द्वारा मामले को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्यवाही करते हुये सूचना तस्दीकी हेतु तत्काल घटनास्थल पर दबिश दिया गया। पुलिस की गाड़ी को आता देख संदेही भागने का प्रयास करने लगे , जिन्हे घेराबंदी कर पकड़ा गया।

संदेही संजय ठाकुर एवं आशीष वर्मा से पूछताछ करने पर वे पुलिस को गुमराह करते रहे। कड़ाई से पुछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार करते हुये चोरी करने की नियत से ज्वेलर्स दुकान के दीवाल को तोड़ना बताये एवं समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो घटना को अंजाम देना बताये। आरोपियों के कब्जे से सब्बल व लोहे की राड बरामद किया गया।

जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 331(4) , 305 , 62 बीएनएस कायम कर धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना जामुल पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक रामेन्द्र सिंह , सउनि बेनी सिंह राजपूत , आरक्षक गैंद कुमार देवांगन , तोषण चन्द्राकर , पी. संतोष और अतुल यादव का विशेष योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपीगण –

संजय ठाकुर पिता स्व. खेमू ठाकुर उम्र 24 वर्ष निवासी – खैरा , थाना – साजा , जिला – बेमेतरा और आशीष वर्मा पिता सियाराम वर्मा उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम – सण्डी , थाना – गंडई , जिला – केसीजी (छत्तीसगढ़)।