April 29, 2026

डबल चिन की समस्या से परेशान हैं? तो करें ये एक्सरसाइज…

250425

डबल चिन की समस्या से परेशान हैं? तो करें ये एक्सरसाइज…

डबल चिन, जो चेहरे की सुंदरता को प्रभावित करता है, अधिकतर उन लोगों में देखने को मिलती है जिनका वजन अधिक हो या जिनके चेहरे पर अतिरिक्त चर्बी हो. यह समस्या खासकर महिलाओं में अधिक पाई जाती है. हालांकि, महिलाएं इसे मेकअप, हेयरस्टाइल या हाई नेक के कपड़ों से छुपा सकती हैं, लेकिन यह एक स्थायी समाधान नहीं है. डबल चिन को कम करने के लिए शॉर्टकट अपनाने की बजाय एक्सरसाइज, स्ट्रेच, मालिश और हेल्दी डाइट जैसे उपायों को अपनाने से आपको लंबे समय तक लाभ मिल सकता है.

गर्दन की चर्बी को कम करने के लिए कई प्रभावी एक्सरसाइज हैं जिनके नियमित अभ्यास से गर्दन को सुडोल बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं कुछ ऐसी एक्सरसाइज के बारे में, जो डबल चिन की समस्या को कम करने में मदद कर सकती हैं:

1. चिन पुश स्माइल

इस एक्सरसाइज को करने के लिए किसी आरामदायक कुर्सी या सोफे पर बैठ जाएं. पीठ को सहारा देने के लिए एक तकिया रखें. फिर अपनी उंगलियों के सिरे को ठुड्डी पर रखें और निचले जबड़े को बाहर की ओर निकालें. धीरे-धीरे ठुड्डी को दबाएं और होठों को हल्का खोलकर मुस्कुराएं. 3 सेकंड तक रुकें और फिर सिर को पहले की स्थिति में लाकर 15 बार इस एक्सरसाइज को दोहराएं.

2. टंग स्ट्रेच

इस एक्सरसाइज को करते वक्त सीधे सामने देखें और अपनी जीभ को जितना हो सके बाहर की ओर निकालें. फिर जीभ को ऊपर की ओर नाक की तरफ उठाएं. इसे 10 सेकंड के लिए रुकें और फिर 10-15 बार इसे दोहराएं.

3. स्ट्रेट जॉ जूट

इस एक्सरसाइज के लिए सिर को पीछे की ओर झुका लें और छत की ओर देखें. अब ठोड़ी के नीचे खिंचाव महसूस करने के लिए अपने निचले जबड़े को आगे की ओर धकेलें. 10 सेकंड तक रुकें और फिर सिर को सामान्य स्थिति में वापस लाएं. इस प्रक्रिया को 15-20 बार दोहराएं.

4. बॉल एक्सरसाइज

इस एक्सरसाइज के लिए आपको एक 8-10 इंच की बॉल की आवश्यकता होगी. बॉल को अपनी ठुड्डी के नीचे रखें और हल्का दबाएं. इस एक्सरसाइज को कई बार दोहराएं. नियमित रूप से इस अभ्यास को करने से डबल चिन की समस्या में काफी कमी आ सकती है.

डबल चिन की समस्या को कम करने के लिए इन सरल लेकिन प्रभावी एक्सरसाइज को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं. साथ ही एक हेल्दी डाइट और पानी की भरपूर खपत भी आपके चेहरे की सुंदरता को बढ़ाने में मदद कर सकती है.

You may have missed