शेयर बाजार के सुस्त शुरुआत की उम्मीद
ग्लोबल रुझानों पर रहेगी नजर
भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज सुस्त रह सकती है। सुबह 6:30 बजे, गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स लगभग 10 अंक गिरकर 24,939 पर कारोबार कर रहा था, जो बाजारों में कमजोर शुरुआत का संकेत देता है।
निवेशक आज एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और टेक महिंद्रा सहित कई प्रमुख कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे।
देसी शेयर बाजारों की दिशा आज कंपनियों के तिमाही नतीजों, वैश्विक रुझान और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों से तय होगी। इसके अलावा इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से भू-राजनीतिक जोखिम बढ़ने की आशंका है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ सकता है तथा बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
आज इन कंपनियों के जारी होंगे तिमाही नतीजें
अल्ट्राटेक सीमेंट, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बजाज हाउसिंग फाइनेंस, 360 वन डब्ल्यूएएम, ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस, भंसाली इंजीनियरिंग पॉलिमर्स, सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस, सिटी यूनियन बैंक, सायंट डीएलएम, ग्राविटा इंडिया, एचएफसीएल, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, नेल्को, रूट मोबाइल, सोलारा एक्टिव फार्मा साइंसेज और सुप्रीम पेट्रोकेम आज यानी 21 अक्टूबर को अपनी दूसरी तिमाही के कमाई की जानकारी देंगे।
एक नवंबर को आयोजित करेंगे दिवाली ‘मुहूर्त ट्रेडिंग’
भारत के दोनों स्टॉक एक्सचेंज बीएसईऔर एनएसई एक नवंबर को दिवाली के पावन अवसर पर एक घंटे का विशेष ‘मुहूर्त ट्रेडिंग’ सेशन आयोजित करेंगे। यह दिवाली पर आयोजित होने वाला एक घंटे का अनोखा कार्यक्रम है, जो नए संवत् 2081 की शुरुआत का प्रतीक होगा।
शेयर बाजारों ने घोषणा की है कि शेयर बाजार खुलने से पहले का सेशन शाम 5:45 से 6:00 बजे तक होगा। यह सेशन लक्ष्मी पूजन के साथ आयोजित किया जाता है।
हर साल, भारतीय शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज हिंदू कैलेंडर के अनुसार नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत करने के लिए दिवाली के दौरान एक विशेष व्यापारिक सत्र आयोजित करते हैं।
पिछले कारोबारी सत्र में कैसी रही थी बाजार की चाल
बैंकिंग और ऑटो शेयरों में तेजी के दम पर, पिछले कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीन दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। विदेशी पूंजी की लगातार निकासी के कारण शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स, सेंसेक्स और निफ्टी ने लाल निशान पर कारोबार शुरू किया था। मगर दोपहर के सत्र से शेयर बाजार ने स्मार्ट रिकवरी की और शुरुआती गिरावट से उबर गया।
कारोबार के अंत में, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 218.14 अंक या 0.27% प्रतिशत की बढ़त लेकर 81,224.75 पर बंद हुआ था। वहीं, दूसरी तरफ एनएसई निफ्टी 104.20 अंकों या 0.42 प्रतिशत मजबूत होकर 24,854.05 के स्तर पर बंद हुआ था।
