इंडो-नेपाल इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रायगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
इंडो-नेपाल इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रायगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
10 स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया देश और प्रदेश का मान, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
रायपुर , 22 जून 2026, नेपाल के पोखरा में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल ताइक्वांडो (Taekwondo) चैंपियनशिप में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। रायगढ़ किड्स ताइक्वांडो एकेडमी स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।
इस उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों ने आज रायगढ़ स्थित कार्यालय में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर श्री चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ की खेल क्षमता को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि 10 स्वर्ण पदक जीतना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
श्री चौधरी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्र गौरव का भी सशक्त आधार है। रायगढ़ के इन युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश के अन्य युवाओं को भी खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर छत्तीसगढ़ तथा भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
