September 30, 2026

PM मोदी ने की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात

200526

PM मोदी ने की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात

रोम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की है। दोनों नेताओं ने डिनर पर मुलाकात के दौरान अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने रोम के प्रतिष्ठित कोलोसियम का भी दौरा किया। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “रोम में उतरने के बाद मुझे प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ डिनर पर मिलने का अवसर मिला, जिसके बाद मैंने मशहूर कोलोसियम का दौरा किया। हमने कई विषयों पर अपने विचार साझा किए।”

उन्होंने आगे लिखा, “आज होने वाली हमारी बातचीत का मुझे बेसब्री से इंतजार है, जिसमें हम भारत-इटली की दोस्ती को और मजबूत बनाने के विषय पर अपनी चर्चा जारी रखेंगे।” इससे पहले, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के रोम पहुंचने पर पोस्ट किया। मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त।”

रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय नागरिकों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी अपने 5 देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव के लिए इटली में हैं, जहां उम्मीद है कि बातचीत का मुख्य केंद्र दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, रणनीतिक सहयोग और तकनीकी साझेदारी जैसे मुद्दे होंगे।

बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात जॉर्जिया मेलोनी से ऐतिहासिक विला डोरिया पैम्फिली में होगी। इसके बाद दोनों नेता भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र जारी करेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधिकारिक यात्रा पर रोम पहुंचे हैं। इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।” उन्होंने आगे कहा, “भारत और इटली के बीच लंबे समय से मजबूत और कई क्षेत्रों में फैले रिश्ते हैं। यह यात्रा दोनों देशों की साझेदारी को नई रफ्तार देगी।

You may have missed