PM मोदी ने भारत की महिला क्रिकेट टीम को दी बधाई
PM मोदी ने भारत की महिला क्रिकेट टीम को दी बधाई
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है और साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है. टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की बेटियों को बधाई दी है.
उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और ये जीत आने वाली पीढ़ियों को खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी. पीएम मोदी ने लिखा, ‘आईसीसी महिला विश्व कप 2025 फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत.
फाइनल में बेहतरीन स्किल और भरपूर आत्मविश्वास दिखा. पूरी टीम ने दोगुनी मेहनत और जज्बा दिखाया. यह ऐतिहासिक जीत भविष्य के चैम्पियंस को प्रेरणा देगी. हमारी खिलाड़ियों को बधाई.’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतने पर बधाई दी है. उन्होंने कहा कि भारतीय बेटियों ने पहली बार यह खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है.
टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और आज अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर देश को यह बड़ा सम्मान दिलाया है. राष्ट्रपति ने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण महिला क्रिकेट को और ऊंचाइयों तक ले जाएगा. भारतीय खिलाड़ियों के इस जज्बे और उपलब्धि पर बेहद गौरवांवित महसूस कर रही हूं.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लिखा, ‘1983 की जीत ने एक पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा दी थी. आज हमारी महिला क्रिकेट टीम ने कुछ बेहद खास कर दिखाया है.
उन्होंने देशभर की अनगिनत लड़कियों को बैट-बॉल उठाने, मैदान में उतरने और यह विश्वास रखने की ताकत दी है कि एक दिन वे भी यह ट्रॉफी उठा सकती हैं. यह भारतीय महिला क्रिकेट के सफर का ऐतिहासिक पल है. वेल डन टीम इंडिया. आपने पूरे देश को गर्व से भर दिया है.’
