April 25, 2026

महासमुंद के युवा जापान में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार से किया गया सम्मानित

170325

महासमुंद के युवा जापान में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार से किया गया सम्मानित

महासमुंद,शासकीय पीजी कॉलेज में पढ़ाई पूरी करने वाले बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पंचायत घोयनाबाहरा कोमाखान निवासी भारतीय शोध विद्यार्थी नायकराम साहू को जापान के योकोहामा में आयोजित होप मीटिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें नोबेल पुरस्कार विजेताओं के द्वारा प्रदान किया गया। भारतीय युवा वैज्ञानिक नायकराम ने अपने शोध कार्य के लिए यह पुरस्कार प्राप्त किया है। जो कि बेतार विद्युत स्थानांतरण पर आधारित है। उन्हें इस कार्य के लिए भारत के विज्ञान और प्रोद्योगिकी मंत्रालय परिषद से अनुदान प्राप्त है। उनकी इस उपलब्धि पर कोमाखान अंचल सहित पूरा महासमुंद जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

इस अवसर पर नायकराम ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार मेरे लिए एक बड़े सम्मान की बात है। और मैं इसके लिए अपने पर्यवेक्षक डॉ. अन्नपु रेड्डी वेंकटेशवरल को उनके अमूल्य मार्गदर्शन के लिए और भारत के विज्ञान और प्रोद्योगिकी मंत्रालय परिषद को इस अविश्वसनीय अवसर के लिए हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हंू। साथ ही उन्होंने अपने भौतिक विज्ञान के शिक्षकों प्रो मनीराम धीवर सहायक प्राध्यापक भौतिकशास्त्र शासकीय पीजी कॉलेज महासमुंद, डॉ. गोवर्धन यदु, हिरवानी सर सहित अन्य शिक्षकों को भी धन्यवाद देते हुए उनके प्रति विशेष आभार जताया है।

भारतीय युवा वैज्ञानिक व शोध विद्यार्थी नायकराम साहू की प्राथमिक शिक्षा शासकीय स्कूल घोयनाबाहरा माध्यमिक शिक्षा शासकीय उच्चतर विद्यालय कोमाखान, बीएससी गणित शासकीय पीजी कॉलेज महासमुंद, एमएससी भौतिक विज्ञान शासकीय राजीव लोचन कॉलेज राजिम में हुई। वे अभी वर्तमान में तमिलनाडु के तिरुचिरोपल्ली में स्थित एनआईटी से भौतिक विज्ञान विषय पर पीएचडी एवं शोध कार्य कर रहे हैं। उनके अब तक रिसर्च शोध कार्य के रूप में 14 रिसर्च अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं। नायकराम की इस उपलब्धि पर उनके समस्त शिक्षकों ने हर्ष एवं खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

You may have missed