हत्या के आरोपी को मिला आजीवन कारावास की सजा
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बालोद – जिले के थाना डौंडी लोहारा क्षेत्र में घटित एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर के मामले में पुलिस की प्रभावी एवं वैज्ञानिक विवेचना के परिणामस्वरूप आरोपी को माननीय डिस्ट्रिक्ट जज न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा से दण्डित किया गया है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये अनुविभागीय पुलिस अधीकारी गुरूर श्रीमती माया शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया कि विगत माह 16 जनवरी को थाना डौंडीलोहारा के अंतर्गत ग्राम गुरमी स्थित प्रार्थी पवन कुमार सिन्हा के खेत से लगे नाला भेजरा पठार के पास कमला बाई राजपूत की मृत्यु कारित करने के आशय से उसके सिर एवं चेहरे पर पत्थर से वार कर / कुचलकर उसकी हत्या कर मृतिका के शव को पत्थरों से ढककर , खून लगे कपड़ो को साफ कर एवं मृतिका के मोबाईल को तोड़कर आरोपी ने साक्ष्य का विलोपन कारित किया था। प्रकरण थाना डौंडी लोहारा के अपराध क्रमांक 19/26, धारा 103(1), 238 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत पंजीबद्ध किया गया था।
घटना के प्रारंभिक चरण में मृतिका की पहचान पुलिस के लिये बड़ी चुनौती थी। मृतिका के हाथ पर अंग्रेजी अक्षरों में के०के० का टैटू बना हुआ था। पुलिस ने इस टैटू को महत्वपूर्ण पहचान की कड़ी के रूप में लेते हुये तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर जांच प्रारंभ की। लगातार प्रयास एवं जांच के दौरान मृतिका की पहचान बालोद के ग्राम पाररास निवासी कमला राजपूत के रूप में की गई। मृतिका की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके संपर्कों , गतिविधियों एवं घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की।
मामले की गंभीरता को देखते हुये तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह द्वारा प्रकरण की विवेचना को प्राथमिकता देते हुये थाना एवं साइबर सेल पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। विवेचना के दौरान घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य संकलित किये गये। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों , वैज्ञानिक जांच एवं मैदानी विवेचना का प्रभावी उपयोग किया गया। उपलब्ध तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर घटनाक्रम की कड़ियों को आपस में जोड़ा गया , जिससे पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल हुई जिससे आरोपी को आजीवन कारावास का सजा हुआ है।
आरोपी –
नेमीचंद साहू उर्फ नेमू पिता जंगलू राम साहू उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम – तरौद (भाठापारा) , थाना – बालोद , जिला – बालोद (छत्तीसगढ़)।
