August 8, 2026

गरियाबंद जिला पंचायत क्षेत्र क्र. 07 के नामांकन में संजय नेताम ने दिखाया दम

IMG-20250201-WA0034

इतेश सोनी गरियाबंद | छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 07 से निवर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं बिंद्रानवागढ़ विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी संजय नेताम ने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस नामांकन रैली में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भावसिंह साहू सहित सैकड़ों मतदाता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नामांकन रैली में दिखी संजय नेताम की ताकत

संजय नेताम के नामांकन को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताम समर्थकों ने गरियाबंद जिला मुख्यालय के रावणभाठा मैदान से कलेक्टर कार्यालय तक विशाल रैली निकाली। रैली में शामिल समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए अपने नेता के समर्थन में जोश भरा प्रदर्शन किया।

संजय नेताम ने नामांकन दाखिल करने के बाद क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पिछले पांच वर्षों में मैंने हर गांव, हर गली में जनता के सुख-दुख में भागीदारी निभाई है। जनता का अपार समर्थन और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। आगामी चुनाव में आपकी मदद से हम विकास के नए आयाम गढ़ेंगे।”

 

100 गाड़ियों के काफिले के साथ हजारों समर्थक हुए शामि

इस नामांकन रैली में गरियाबंद जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 07 की 37 पंचायतों के साथ-साथ बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ग्राम प्रमुखों, युवाओं और महिला समर्थकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ लगभग 1000 से अधिक लोगों ने संजय नेताम के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर संजय नेताम के पक्ष में नारे लगाए।

 

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया जोश

नामांकन कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें युगल पांडेय, हबीब मेमन, सुखचंद नेताम, नीरज ठाकुर, कंदर्प प्रधान, सुमन ध्रुव, दयाराम नेताम, वीरेंद्र साहू, किशन मरकाम, लोकेश ठाकुर, श्रद्धा राजपूत, नंदनी पांडे, गणेशू निषाद, बिसाहू सिन्हा, वीरेंद्र यादव, संतोष तिवारी, कमलेश बघेल, सुरेश ध्रुव, महेश ध्रुव, मायाराम ध्रुव, योगेश ध्रुव, रामसिंह नागेश, यशवंत सेन, राजेंद्र साहू, ईश्वर साहू, भोला साहू, और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चुनाव में रोचक मुकाबले की उम्मीद

संजय नेताम के इस शक्तिप्रदर्शन के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि गरियाबंद जिला पंचायत क्षेत्र क्र. 07 में चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से यह संकेत मिल रहा है कि कांग्रेस इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में जनता का फैसला किसके पक्ष में जाता है।