अपहरण करने के एक महिला सहित पांच आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – मोटर साइकिल बनवाने के बहाने बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से नाबालिक बालक के अपहरण करने के एक महिला सहित पांच आरोपियों को थाना अमलेश्वर पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत दिवस 12 अप्रैल को प्रार्थी द्वारा थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसका नाबालिग पुत्र को मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक अमलेश्वर में बुलाकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया। घटना के पश्चात आरोपियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर धमकी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुये तत्काल थाना अमलेश्वर पुलिस , साइबर सेल एवं एसीसीयू टीम की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ की गई। मोबाइल लोकेशन , कॉल डिटेल एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन जिला धमतरी क्षेत्र में प्राप्त होने पर धमतरी पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया तथा अपहृत बालक को सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी संजय साहू जो पीड़ित परिवार का परिचित/भांजा है , उसके द्वारा हेम पुष्पा साहू (महिला आरोपी) के माध्यम से हनीट्रैप की योजना बनाई गई। योजनाबद्ध तरीके से बालक को झांसे में लेकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ/फिरौती प्राप्त करने के उद्देश्य से अपराध करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 137(2), 140(3), 351(3), 61 बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना अमलेश्वर पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना अमलेश्वर पुलिस , साइबर सेल , एसीसीयू टीम एवं धमतरी पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही , जिन्होंने संयुक्त रूप से समन्वित कार्यवाही कर आरोपियों को गिरफ्तार किया एवं अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपीगण –
शैलेन्द्र लहरे उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी – चंगोरा भाटा रायपुर , कृष्णा साहू उर्फ करण उम्र लगभग 28 वर्ष निवासी – चंगोरा भाटा (मास्टरमाइंड) , रविंद्र लहरें उम्र लगभग 20 वर्ष निवासी – चंगोरा भाटा रायपुर , संजय साहू उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी – अमलेश्वर और हेम पुष्पा साहू उम्र लगभग 24 वर्ष निवासी – चंगोराभाठा क्षेत्र रायपुर (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री –
एक चार पहिया वाहन (सेंट्रो कार) और 06 नग मोबाइल फोन।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सोशल मीडिया एवं अज्ञात व्यक्तियों के संपर्क में सतर्क रहें तथा हनीट्रैप जैसी घटनाओं से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
