October 1, 2026

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में चला सोशल अवेयरनेस अभियान: एसडीओपी विकास पाटले ने बच्चों को दी जागरूकता की सीख

16ef67e6-940b-447b-ad38-c864c2639ebe

इतेश सोनी

इतेश न्यूज़ सर्विस, गरियाबंद। मैनपुर विकासखंड के डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल देहारगुड़ा में आज गरियाबंद पुलिस द्वारा एक विशेष सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) श्री विकास पाटले रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को कानून, साइबर क्राइम, नशा उन्मूलन, महिला सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात एसडीओपी श्री पाटले ने मंच से बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में छात्र-छात्राओं को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि कानून, सुरक्षा और तकनीक के सही उपयोग की भी जानकारी होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बच्चों को बताया कि सोशल मीडिया और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग के कारण युवा वर्ग कई बार साइबर अपराधों का शिकार हो जाता है। ऐसे में सतर्क रहना और समय पर सही जानकारी हासिल करना ज़रूरी है। बच्चों ने भी एसडीओपी से खुलकर सवाल पूछे और अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर श्री ज्ञानेश्वर गंगवाल ने ‘समाधान ऐप’ की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की और छात्रों को बताया कि वे किस तरह इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी शिकायतें प्रशासन तक पहुँचा सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में एसडीओपी श्री पाटले ने कहा,
“हर स्कूल तक इस अभियान को पहुँचाना हमारा लक्ष्य है। बच्चों को अगर आज सही मार्गदर्शन दिया जाए, तो वे कल के जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।”

विद्यालय परिवार और छात्रों ने इस पहल की सराहना की और गरियाबंद पुलिस को इसके लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। सामाजिक जागरूकता की दिशा में यह कार्यक्रम छात्रों के लिए न सिर्फ ज्ञानवर्धक, बल्कि प्रेरणादायक भी साबित हुआ।

You may have missed