August 7, 2026

जूनियर मिस इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में बिलासपुर की वैभवी सिंह ठाकुर चमकी

c42d7ae8-e1b4-4a7f-a341-7a4221bce960

मिस फोटोजेनिक बनीं, टॉप–5 में जगह बनाकर रचा इतिहास

इतेश न्यूज़ सर्विस (ENS)
रायपुर- बिलासपुर की उभरती युवा प्रतिभा वैभवी सिंह ठाकुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। जयपुर (राजस्थान) में 6 से 8 जनवरी 2026 तक आयोजित जूनियर मिस इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में वैभवी ने न सिर्फ देशभर के 179 प्रतिभागियों के बीच टॉप–5 में अपनी जगह बनाई, बल्कि “मिस फोटोजेनिक” का बहुमूल्य खिताब भी अपने नाम किया।

बिलासपुर की बेटी वैभवी, जो वर्तमान में श्री पद्माक्षी ग्लोबल स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा हैं, ने अपने आत्मविश्वास, दमदार संवाद कौशल और प्रभावशाली मंच प्रस्तुति से निर्णायकों को खासा प्रभावित किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन सिर्फ रूप-सौंदर्य पर नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सांस्कृतिक समझ और संप्रेषण क्षमता के आधार पर किया गया था — और वैभवी ने हर चरण में शानदार प्रदर्शन किया।

सबसे खास बात यह रही कि वैभवी ने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को जिस गरिमा और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया, वह दर्शकों और निर्णायकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। महज 14 वर्ष की उम्र में इस स्तर की उपलब्धि हासिल करना उनकी मेहनत, प्रतिभा और अदम्य जिज्ञासा का प्रमाण है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिल रही लगातार सफलताओं ने वैभवी को उन चुनिंदा होनहार चेहरों में शामिल कर दिया है, जो कम उम्र में ही बड़े मुकाम हासिल कर रहे हैं। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के लिए भी एक सम्मानजनक पल है।

अपनी सफलता पर भावुक वैभवी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों और समस्त बिलासपुरवासियों को देते हुए कहा कि “सभी का विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।”

वैभवी सिंह ठाकुर की यह उपलब्धि आने वाली युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी संदेश देती है — अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची, तो सफलता हर कदम पर साथ होती है।