मैनपुर थाना पहुँचे स्कूली बच्चे, सीखी कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की बारीकियाँ
पुलिस विभाग ने बच्चों को यातायात जागरूकता का दिया संदेश
इतेश न्यूज़ सर्विस गरियाबंद। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल के छात्र-छात्राओं को मैनपुर पुलिस थाना का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और जाना। इस अवसर पर ट्रैफिक नियमों पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता छात्रों को अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विकास पाटले ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
थाना परिसर पहुंचकर बच्चों को थाना भवन, मालखाना, डायरी लेखन की प्रक्रिया और एफआईआर दर्ज करने से लेकर जांच पूरी होने तक की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी व स्टाफ ने बच्चों को अपराध नियंत्रण, साक्ष्य संकलन और केस डायरी से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक नियमों के महत्व पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति अपनी समझ को चित्रों में उतारा।
इस अवसर पर SDOP विकास पाटले ने कहा,
“बच्चों में ट्रैफिक नियमों की समझ विकसित करना समाज के लिए दीर्घकालीन निवेश है। हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ी सड़क सुरक्षा को जीवनशैली का हिस्सा बनाए। इस तरह के कार्यक्रम न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं बल्कि बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं।”
फिल्म अभिनेता की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह
छत्तीसगढ़ी फिल्मों के अभिनेता आकाश व काजल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों से हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, वाहन की गति सीमा और सड़क पर सतर्कता बनाए रखने जैसे मुद्दों पर संवाद किया।
पुलिस विभाग की प्रशंसा
स्थानीय लोगों और स्कूल प्रबंधन ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हैं बल्कि उन्हें पुलिस के साथ एक सकारात्मक जुड़ाव भी प्रदान करते हैं।
