बक़रीद पर्व को लेकर थाना मैनपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित
इतेश सोनी मैनपुर – आगामी बक़रीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से थाना मैनपुर परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) श्री विकास पाटले ने की।
बैठक में क्षेत्र के व्यापारीगण, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक सौहार्द्र और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।
SDOP श्री पाटले ने कहा कि बक़रीद का पर्व आपसी सौहार्द और त्याग का प्रतीक है, अतः सभी लोग इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई और आमजन को जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
