October 3, 2026

पिकअप ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, 3 महिलाओं की मौत और 12 घायल

260926

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो में सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक छिंदिया गांव की महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलारो गांव गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शुक्रवार देर शाम सभी महिलाएं एक ऑटो में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रही थीं। ऑटो में कुल 15 महिलाएं सवार थीं। बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे ऑटो सावारांवा के पास पहुंचा था। इसी दौरान बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल की ओर पहुंचे। लोगों ने ऑटो में फंसी और सड़क पर गिरी महिलाओं की मदद शुरू की। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में 12 महिलाएं घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया गया।

एक साथ तीन महिलाओं की मौत से उनके परिवारों और गांव में मातम का माहौल है। दशगात्र कार्यक्रम से वापस लौटते समय हुए इस हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। वहीं घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को लेकर भी जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।

पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश की जा रही है। वाहन की पहचान करने के लिए हादसे वाले मार्ग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे में शामिल पिकअप किस दिशा में गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है। वहीं घायल महिलाओं के उपचार पर नजर रखी जा रही है।