August 7, 2026

एआई (AI) के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

200626

एआई (AI) के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

रायपुर: छत्तीसगढ़ को देश का डिजिटल और तकनीकी हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा। एआई मिशन के जरिए प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और नवाचार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के डिजिटल भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

शासन-प्रशासन में विकसित होगी एआई आधारित व्यवस्था

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि एआई केवल भविष्य की तकनीक नहीं है, बल्कि यह सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का माध्यम है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और दैनिक प्रशासनिक कार्यों में एआई के व्यापक उपयोग से आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इसके लिए राज्य में पूरी तरह सुरक्षित, विश्वसनीय और जिम्मेदार एआई इकोसिस्टम (AI Ecosystem) विकसित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ एआई मिशन के 5 प्रमुख स्तंभ:

विस्तृत विजन दस्तावेज के अनुसार, राज्य में पांच मुख्य क्षेत्रों पर काम किया जाएगा:

1.एआई कौशल विकास: स्कूलों में एआई जागरूकता और कॉलेजों में सर्टिफिकेशन कार्यक्रम।

2. नवाचार एवं स्टार्टअप: सीड फंडिंग, क्लाउड कंप्यूटिंग और एआई डेटा लैब्स की स्थापना।

3.जागरूकता एवं आउटरीच: नागरिकों को उनकी अपनी भाषा में तकनीक सिखाना।

4 सुरक्षित एवं जिम्मेदार एआई: निजता संरक्षण के लिए राज्य स्तर पर एआई नीति (AI Policy)।

5.शासन में एआई: सरकारी विभागों में त्वरित निर्णय और पारदर्शिता के लिए एआई का उपयोग।

मोबाइल नेटवर्क और भारतनेट फेज-3 का विस्तार

बैठक में दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी मजबूत करने की समीक्षा की गई:

मोबाइल टावर: पिछले ढाई वर्षों में करीब 1,000 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं और 577 नए टावरों को मंजूरी दी जा चुकी है।

भारतनेट फेज-3: राज्य की 4,114 ग्राम पंचायतों को आधुनिक रिंग टोपोलॉजी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीणों को हाई-स्पीड इंटरनेट और एफटीटीएच (FTTH) सेवाएं मिल सकेंगी।

सेवा सेतु पोर्टल की बड़ी सफलता

समीक्षा में बताया गया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से राज्य के 36 विभागों की 520 सेवाएं नागरिकों को मिल रही हैं।

1 अप्रैल 2025 से अब तक पोर्टल पर 39.75 लाख से अधिक आवेदन मिले, जिनमें से 37.52 लाख से ज्यादा आवेदनों का सफल निराकरण किया गया।

पोर्टल की सफलता दर 94.3 प्रतिशत रही है।

इसमें आधार प्रमाणीकरण, डिजिलॉकर और क्यूआर कोड आधारित प्रमाण-पत्र सत्यापन जैसी आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

नवा रायपुर में बनेंगे अत्याधुनिक केंद्र

आने वाले समय में नवा रायपुर में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, डेटा लैब्स और सुरक्षा संचालन केंद्र जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, इन पहलों से आईटी क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

बैठक में रहे मौजूद: इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री अंकित आनंद समेत चिप्स (CHiPS) और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।