जमानत के बावजूद अल्लू अर्जुन की रिहाई नहीं, जेल के बाहर फैंस का प्रदर्शन
जमानत के बावजूद अल्लू अर्जुन की रिहाई नहीं, जेल के बाहर फैंस का प्रदर्शन
पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान महिला की मौत के मामले में एक्टर अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाईकोर्ट से जमानत तो मिल गई, लेकिन रिहाई नहीं हो सकी. दरअसल, अभिनेता की जेल से रिहाई को लेकर फैंस और दर्शकों के बीच सस्पेंस बना हुआ है. उम्मीदों के बावजूद वह चंचलगुडा जेल में ही बंद है. अधिकारियों ने संकेत दिया है कि रात में उनकी रिहाई की संभावना कम है. कथित तौर पर, जमानत आदेश की प्रतियां ऑनलाइन अपलोड नहीं की गई हैं.
जैसे-जैसे उनकी रिहाई की संभावना कम होती जा रही है, अल्लू अर्जुन को जेल में ही रात बितानी पड़ सकती है. अधिकारियों ने कथित तौर पर उनके रहने के लिए क्लास-1 बैरक तैयार किया है. इस बीच, रिहाई में देरी होने पर अल्लू अर्जुन के फैंस का गुस्सा साफ नजर आने लगा है. लोग चंचलगुडा जेल के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
दोपहर 12 बजे गिरफ्तार हुआ था ‘पुष्पा’
बता दें कि अल्लू अर्जुन को शुक्रवार सुबह उनके घर से दोपहर 12 बजे गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद 4 बजे उन्हें लोकल कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया. इसके बाद एक्टर ने हाईकोर्ट में अपील की थी. 5 बजे तेलंगाना हाईकोर्ट ने जमानत दे दी. लेकिन पुलिस ने जिस तरह अल्लू अर्जुन को उनके घर से गिरफ्तार किया इस पर अभिनेता ने आपत्ति जताते हुए कई सवाल उठाए. तो गिरफ्तारी के तरीके से अल्लू अर्जुन भी खुश दिखाई नहीं दिए. इसी से जुड़ा वीडियो भी सामने आया, जिसमें अल्लू अर्जुन लिफ्ट में जाते दिख रहे हैं, जहां पहले अल्लू ने प्लेन टी-शर्ट पहनी थी, बाद में वो हुडी पहने बाहर आए. जिस पर लिखा था- ‘फ्लावर नहीं फायर है’.
हैदराबाद के सिनेमा में हुआ था हादसा
अल्लू अर्जुन तीन साल बाद सिनेमा घरों में अपनी फिल्म पुष्पा-2 के जरिए लौटे हैं. उनकी फिल्म सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. अल्लू अर्जुन की दीवानगी किस कदर फैंस के सिर चढ़कर बोल रही है, उसका अंदाजा पटना में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च को दौरान जुटी भीड़ से लगाया जा सकता था. पटना में शायद किसी दक्षिण भारतीय सितारे के लिए इतनी भीड़ देश ने देखी. लेकिन अल्लू अर्जुन ने भाषा को बाधा नहीं बनने दिया. इसी तरह की दीवानगी हैदराबाद में भी देखने को मिली जब उनके फैंस फिल्म देखने आए.
अपने फैंस की इसी दीवानगी को देख अल्लू अर्जुन खुद को रोक नहीं पाए और आधी रात को अपने चाहने वालों से मिलने के लिए हैदराबाद में थियेटर के बाहर पहुंच गए. अल्लू अर्जुन को अपने सामने देख फैंस का जोश हाई हो गया. ये तारीख थी 4 दिसंबर. बड़ी संख्या में फैंस ने उनके साथ थिएटर में दाखिल होने की कोशिश की. इसके चलते थिएटर में भारी भीड़ जमा हो गई थी और फिर लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी. भीड़ को कंट्रोल में लाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया था. भीड़ कम होने के बाद सांस घुटने से बेहोश हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन इस दौरान अस्पताल में एक महिला ने दम तोड़ दिया और घायल होने वालों में मृतक रेवती का 9 साल का बेटा श्रीतेज भी शामिल था.
