September 30, 2026

नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने का आरोपी जेल दाखिल

DSC27826

एसडीओपी तोमेश वर्मा ने दी जानकारी

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर चाम्पा – आबकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले मे त्वरित कार्यवाही करते हुये थाना पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस ठगी मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये शिवरीनारायण एसडीओपी तोमेश वर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया प्रार्थिया लीला मेहर निवासी – मेंहदा , थाना – पामगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अगस्त 2025 में उसकी पहचान राहुल कुमार जाटवर से हुई।

राहुल ने स्वयं को आबकारी विभाग में लोगों की नौकरी लगवाने वाला बताते हुये उसकी भी नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके एवज में छह लाख रूपये की मांग की। नौकरी लगने की उम्मीद में प्रार्थिया ने आरोपी के खाते में फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग लोगों के नंबरों से एक – एक लाख रूपये कुल दो लाख रूपये 10 सितम्बर 2025 को दिये। इसके बाद आरोपी ने अधिकारियों को पैसे देने के नाम पर फिर से 9,500 फोन-पे के माध्यम से मंगाये। इस प्रकार प्रार्थिया से कुल 2,09,500 लिये गये। आरोपी ने मार्च 2026 तक नौकरी लग जाने का भरोसा दिलाया तथा एक लाख रूपये का चेक भी दिया।

आबकारी विभाग की सूची में नाम नहीं आने पर जब प्रार्थिया ने रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में मोबाइल नंबर बंद कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 347/2026 , धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार जाटवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की , जिसके दौरान आरोपी द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर  न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। यह सम्पूर्ण कार्यवाही एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में की गई , जिसमें थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सउनि कृष्ण कुमार कोशले , प्रधान आरक्षक विनोद मनहर , भुनेश्वर पटेल एवं बेदराम पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपी –

राहुल कुमार जाटवर उम्र 25 वर्ष निवासी – अमलडीहा , थाना – बिलाईगढ़ , जिला – सारंगढ़ बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़)।