September 29, 2026

भाजपा सरकार में जंगलराज कायम हो गया हैः धनंजय

Dhananjay Singh Thakur copy

रायपुर। राजिम कुम्भ में भाजपा नेता की गुंडागर्दी की वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार में जंगलराज कायम हो गया है, कानून मूकदर्शक बन गई है। राजिम कुंभ जिसमें देशभर के व्यापारी, व्यवसायी आते है वहां भाजपा नेता एवं सभापति ठेला, खोमचा वालो से आईडी पूछ रहा है, गाली गलौज कर रहा है, धमकी-चमकी, मारपीट कर रहा है। आखिर इन्हें ये अधिकार किसने दिया है? क्या सरकार ने राजिम कुंभ के व्यापारियों को आईडी कार्ड जारी किया है? या किसी खास वर्ग के व्यवसाय करने पर प्रतिबंध लगा दिया है? जो भाजपा नेता ठेला व्यवसायी से आईडी पूछ रहे है। राजिम कुंभ की गंगा जमुनी तहजीब को तोड़ रहे है, बाबा घासीदास जी के मनखे-मनखे एक समान की विचारधारा को तोड़ रहे है। भाजपा नेता की गुंडागर्दी करने पर अभी तक कानूनी कार्यवाही क्यों नहीं की गई? उन्हें क्या गृहमंत्री विजय शर्मा संरक्षण दे कर रखे है?

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि अभी राजिम के देवकैया गांव में दो वर्गों के बीच भारी विवाद के बाद तनाव निर्मित हुआ है जो पूरी तरह से शांत नहीं हुआ है जिस पर कार्यवाही चल रही है। उसके बाद राजिम मेला में भाजपा नेता की गुंडागर्दी प्रदेश की शांत माहौल खराब करने वाला है। मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रहा है। ये उन्मादी सोच के लोगों पर कड़ी कार्यवाही होना चाहिये। मेला स्थल पर व्यापारी और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित होना चाहिये। कांग्रेस मांग करती है मेला स्थल में गुंडागर्दी करने वाले भाजपा नेता पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाये।