April 17, 2026

‘जेलर 2’ में रजनीकांत के साथ दिखेंगे शाहरुख खान

DSc53263

मोहनलाल के स्टाइलिस्ट ने दिया हिंट

सिनेमा प्रेमियों के लिए इससे बड़ी खबर और क्या हो सकती है कि इंडियन सिनेमा के दो सबसे बड़े दिग्गज, शाहरुख खान और रजनीकांत, पहली बार एक ही फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं. नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘जेलर’ ने 2023 में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था, और अब इसके सीक्वल ‘जेलर 2’ को लेकर नया अपडेट आया है.
लंबे समय से चल रही अफवाहों पर अब लगभग मुहर लग चुकी है कि किंग खान इस फिल्म में एक धमाकेदार कैमियो करेंगे. इस खबर के बाहर आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है और हर कोई रजनीकांत और शाहरुख को एक ही फ्रेम में देखने के लिए बेताब है.

मोहनलाल के स्टाइलिस्ट की मुहर!

‘जेलर 2’ में शाहरुख खान की एंट्री की खबर किसी और ने नहीं बल्कि मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के स्टाइलिस्ट जिशाद शमसुद्दीन ने पुख्ता की है. जिशाद ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक दिलचस्प एआई-जनरेटेड तस्वीर शेयर की. इस फोटो में शाहरुख खान गाड़ी चलाते हुए दिख रहे हैं, उनके बगल में मोहनलाल बैठे हैं, जबकि पिछली सीट पर रजनीकांत और शिवा राजकुमार नजर आ रहे हैं.

मिथुन चक्रवर्ती ने भी किया कंफर्म

दिलचस्प बात यह है कि इस बड़े सरप्राइज का संकेत दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने पिछले साल ही दे दिया था. एक बातचीत के दौरान मिथुन दा ने अनजाने में यह राज खोल दिया था कि वह ‘जेलर 2’ में विलेन की भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कहा था कि फिल्म में रजनीकांत, मोहनलाल, शाहरुख खान, राम्या कृष्णन और शिवा राजकुमार के किरदार उनके खिलाफ एकजुट होंगे. हालांकि उस वक्त इसे महज एक अफवाह माना जा रहा था, लेकिन अब कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं.

रजनीकांत के साथ पहली बार SRK

भले ही शाहरुख खान ने अपनी फिल्म ‘रा.वन’ में रजनीकांत के ‘चिट्ठी’ रोबोट वाले किरदार को शामिल किया था और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ का ‘लुंगी डांस’ गाना उन्हें डेडिकेटे किया था, लेकिन हकीकत में दोनों ने कभी एक साथ स्क्रीन शेयर नहीं की. ‘रा.वन’ के समय रजनीकांत की तबीयत ठीक नहीं थी, जिस वजह से वह कैमियो नहीं कर सके थे. अब ‘जेलर 2’ के जरिए यह ऐतिहासिक पल हकीकत बनने जा रहा है.

कब रिलीज होगी फिल्म?

माना जा रहा है कि ‘जेलर 2’ इसी साल गर्मियों में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है. मेकर्स की तरफ से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन फैंस ने अभी से इसे साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर घोषित कर दिया है.