चिन्हारी फिल्मफेयर अवार्ड 2025: छत्तीसगढ़ के कलाकारों का होगा सम्मान, पद्म पुरस्कार प्राप्त हस्तियों को भी मिलेगा सम्मान
इतेश सोनी रायपुर रायपुर । छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और सिनेमा जगत को समर्पित “चिन्हारी फिल्मफेयर अवार्ड 2025” का भव्य आयोजन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर किया जाएगा। यह समारोह रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 7 बजे से प्रारंभ होगा। स खास आयोजन में प्रदेश के उन कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी माटी की सुगंध देश-विदेश तक पहुंचाई और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया। प्रदेश के गौरव को सम्मानित करने के लिए राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
पद्म सम्मान प्राप्त हस्तियां भी होंगी सम्मानित
इस अवसर पर न केवल सिनेमा और कला जगत के कलाकारों को, बल्कि पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त विभूतियों को भी एक मंच से सम्मानित किया जाएगा। इससे प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों का हौसला बढ़ेगा और नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।

रंगारंग सांस्कृतिक संध्या होगी आकर्षण का केंद्र
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ के जाने-माने कलाकारों द्वारा गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो इस आयोजन को और भव्य बनाएंगी। यह कार्यक्रम न केवल सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी उजागर करेगा।
“चिन्हारी फिल्मफेयर अवार्ड 2025” छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति को एक नई पहचान देने का कार्य करेगा और प्रदेश के कलाकारों को उनके योगदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
