नौकरी लगाने का झांसा देकर आठ लाख रूपये की धोखाधड़ी करने के तीन आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – वन विभाग में रेंजर पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के तीन आरोपियों को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार विगत दिवस 09 अगस्त को प्रार्थी दिनेश कुमार निवासी सेक्टर-02 भिलाई द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वर्ष 2023 में उसके बेटे को वन विभाग में रेंजर के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर आरोपीगणों द्वारा कुल आठ लाख रुपये प्राप्त किये गये थे। आरोपियों द्वारा मंत्रालय से जारी नियुक्ति प्रमाण पत्र बताकर फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र भी दिया गया था।
नौकरी नहीं लगने पर प्रार्थी द्वारा रकम वापस मांगे जाने पर आरोपीगण द्वारा लगातार टालमटोल की गई। इस पर प्रार्थी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की। रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ एवं विवेचना में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपियों को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक दिलेश्वर कुमार , सउनि भारत सिंह चौधरी , पुनीत राम वर्मा , आरक्षक युगल देवांगन एवं बालेन्द्र द्विवेदी की सराहनीय भूमिका रही।
जप्त सामाग्री –
फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र सहित प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य सामाग्री की विवेचना अनुसार कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपीगण –
भारतेन्दु मेश्राम उम्र 36 वर्ष निवासी मकान नं. 167/एन-6 , एकता नगर , ठेलका बोर्ड , पोस्ट – गोविंदपुर , थाना एवं जिला – कांकेर , हनी श्रेष्ठ उम्र 42 वर्ष निवासी कृष्णा ग्रैण्ड सिटी के-21 , आर्य नगर कोहका , चौकी – स्मृति नगर , थाना – सुपेला , जिला – दुर्ग और भोजेन्द्र कुमार उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम – टिकरी अर्जुनी , थाना – अर्जुन्दा , जिला – बालोद (छत्तीसगढ़)।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नौकरी लगाने , शासकीय नियुक्ति दिलाने अथवा किसी विभाग में पद दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति को रकम देने से पूर्व संबंधित विभाग से नियुक्ति एवं प्रक्रिया की सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
