सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसडीओपी विकास पाटले की पहल, लोगों से की अहम अपील
इतेश सोनी गरियाबंद/मैनपुर: क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। नए अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) विकास पाटले के पदभार ग्रहण करने के बाद से ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्वयं सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक करने की मुहिम छेड़ी है।
एसडीओपी विकास पाटले ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें और मोटर व्हीकल एक्ट का पालन करें। साथ ही, उन्होंने नशे की हालत में वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की भी सलाह दी है।
- खुले वाहन में सवारी ले जाने पर सख्ती
पुलिस प्रशासन अब उन वाहनों पर विशेष ध्यान दे रहा है, जो पिकअप, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसी खुली गाड़ियों में यात्रियों को बैठाकर ढोते हैं। इन वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
- यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नशे में वाहन चलाने, बिना लाइसेंस ड्राइविंग करने, तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।
- “पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए है, सहयोग करें”
एसडीओपी विकास पाटले ने कहा, “हमारी प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यदि कोई भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस आपकी सेवा में हमेशा तत्पर है।”
पुलिस प्रशासन की यह पहल सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में कितना प्रभावी साबित होगी, यह तो आने वाले समय में ही पता चलेगा, लेकिन लोगों में जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
