August 8, 2026

जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 से संजय नेताम की नामांकन रैली आज,समर्थकों के साथ करेंगे शक्ति प्रदर्शन

DSC_0530

इतेश सोनी गरियाबंद। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 से प्रबल दावेदार माने जा रहे युवा नेता संजय नेताम आज शनिवार को अपने समर्थकों के साथ गरियाबंद में शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन दाखिल करेंगे। इस मौके पर उनके हजारों समर्थकों के जुटने की संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल गरमा गया है।

रैली 12 बजे से ही गरियाबंद के रावण भाटा से निकलकर प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट तक पहुंचेगी। इस दौरान संजय नेताम अपने समर्थकों को संबोधित भी करेंगे। क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और युवाओं के बीच लोकप्रियता को देखते हुए यह रैली चुनावी समीकरणों पर बड़ा असर डाल सकती है।

संजय नेताम ने नामांकन से पहले कहा कि वे जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा, “यह लड़ाई जनता की आकांक्षाओं की है और मुझे विश्वास है कि क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद मेरे साथ रहेगा।”

आज होने वाले इस शक्ति प्रदर्शन और नामांकन को लेकर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। चुनावी रण में संजय नेताम की इस बड़ी रैली पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।