August 7, 2026

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने सम्हाला पदभार

DSC177262

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

सूरजपुर – जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने आज जिला पुलिस कार्यालय सूरजपुर में विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों , थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस कार्यालय के समस्त शाखा प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक ली।

बैठक के दौरान सभी अधिकारियों ने अपना परिचय दिया तथा जिले में अपने-अपने कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों से अवगत कराया। बताते चलें कि पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी हैं। इसके पूर्व इन्होंने पुलिस अधीक्षक जिला अम्बिकापुर , जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही व जिला बालोद में अपनी सेवायें दी है।

स्वागत एवं परिचयात्मक बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन , सीएसपी बेनार्ड कुजूर , डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप , एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी , डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर सहित सभी थाना-चौकी प्रभारी व जिला पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने परिचयात्मक बैठक के उपरांत जिले की कानून-व्यवस्था , अपराध नियंत्रण , आगामी चुनौतियों , यातायात व्यवस्था , भौगौलिक , राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों , सड़क दुर्घटनाओं , ब्लैक स्पोर्ट , अनसुलझे मामले , शिकायत निराकरण की स्थिति सहित विभिन्न जानकारियां पुलिस राजपत्रित अधिकारी व थाना-चौकी प्रभारियों से ली। उन्होंने प्रभारियों को कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने के हरसंभव प्रयास व उपाय करायें , इस दिशा में पुलिस के कार्य और प्रयास दिखनी चाहिये। सड़क दुर्घटनायें कम हो – इसके हर संभव प्रयास होनी चाहिये।

मालवाहक वाहन में सवारी परिवहन पर सख्ती से कार्यवाही की जाये , एनएच व अन्य मार्गो में ब्रेकडाउन ट्रक व अन्य भारी वाहन खड़ा ना हो यह सुनिश्चित कराने ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों की बैठक ली जाये। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध कार्यो पर पूर्णतः अंकुश लगायें , नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस पर उनका भरोसा मजबूत बनाये रखने निष्पक्षता से कार्यवाही करें और पीड़ित , फरियादी की शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुनकर उस पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। इसके अलावा उन्होंने पुराने और अनसुलझे मामलों में गंभीरतापूर्वक विवेचना कर निकाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।