June 14, 2026

नक्सलियों ने जवानों के वाहन को उड़ाया, 8 जवान शहीद वाहन चालक की भी मौत, 5 अन्य जवान घायल

060125

नक्सलियों ने जवानों के वाहन को उड़ाया, 8 जवान शहीद वाहन चालक की भी मौत, 5 अन्य जवान घायल

बीजापुर,जिले में सोमवार दोपहर नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के एक वाहन को निशाना बनाते हुए बारूदी सुरंग का विस्फोट किया। इस घटना में वाहन में सवार आठ जवानों और ड्राईवर की मौत हो गई है। वहीं, एक जवान अभी लापता है। इस घटना में 5 अन्य जवान घायल हो गए हैं, जिसनमें से गंभीर रुप से घायल दो जवानों को बेहतर इलाज के लिए राजधानी रायपुर लाया गया है।

दंतेवाड़ा रेंज के डीआईजी कमलोचन कश्यप ने बताया कि दंतेवाड़ा डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के जवान दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के बाद वापस लौट रहे थे। तभी बीजापुर जिले में आज दोपहर कुटरू थाना क्षेत्र के ग्राम अम्बेली के पास माओवादियों ने सुरक्षा कर्मियों के वाहन को निशाना बनाते हुए आईईडी विस्फोट किया। बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने आईईडी विस्फोट पर कहा कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों के सीमावर्ती इलाकों में तीन दिनों से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था जिसमें पांच माओवादियों के शव मिले और हमारा एक जवान बलिदान हो गया।

इसके बाद जब हमारी टीम वापस लौट रही थी तो बीजापुर जिले के अंबेली इलाके में माओवादियों ने एक आईईडी लगाया था, जिसकी चपेट में हमारे सुरक्षाबलों का एक वाहन आ गया। इस वाहन को उड़ाने के लिए बड़ी मात्रा में बारूद का प्रयोग किया गया था। धमाका इतना जोरदार था कि सडक़ पर करीब 10 फीट गहरा गड्डा हो गया और वाहन के परखज्जे उड़ गए। वाहन के कुछ हिस्से 30 फीट दूर तक बिखरे गए। वहीं पेड़ पर वाहन के कलपुर्जे लटके मिले। नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट के बाद जवानों पर एके 47 से ताबड़तोड़ फायरिंग भी की है, जिसके खोखे भी बरामद किए गए हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री ने दोहराया देश से नक्सलवाद को समाप्त करके रहेंगे

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख जताते हुए वीर जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया में जारी अपने संदेश में उन्होंने विश्वास जताया है कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और मार्च दो हजार छब्बीस तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करके रहेंगे।

राज्यपाल ने घटना की निंदा की

बीजापुर के कुटरू-बेदरे मार्ग में नक्सलियों द्वारा कायरतापूर्ण घटना को अंजाम दिया गया है। इस घटना की राज्यपाल रमेन डेका ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा किया गया यह कृत्य जघन्य अपराध है। जवानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

नक्सलवाद के खात्मे के लिए लड़ाई जारी रहेगी : साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दु:खद घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। साय ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी निंदनीय और कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।

देखे विडियो-

You may have missed