दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर मैनपुर थाना परिसर में बैठक, 19 मई को सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन
इतेश सोनी गरियाबंद। क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर आमजनता के साथ-साथ पुलिस विभाग भी गंभीर नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को मैनपुर थाना परिसर में एसडीओपी विकास पाटले की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से बगैर लाइसेंस व नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने एवं वाहनों के दस्तावेजों की नियमित जांच की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि मैनपुर नगर में आगामी 19 मई (सोमवार) को सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता समेत अन्य जनजागरूकता गतिविधियां शामिल होंगी। चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 18 मई तक अपनी पेंटिंग मैनपुर पुलिस थाना में जमा करनी होगी।
एसडीओपी विकास पाटले ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा सप्ताह को सफल बनाने हेतु अपना बहुमूल्य समय दें। कार्यक्रम के तहत हेलमेट के साथ बाइक रैली भी निकाली जाएगी, जिसमें आम नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक में थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा, मैनपुर सरपंच श्रीमती हनीता नायक, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, वरिष्ठ व्यवसायी हनीफ मेमन, गफ्फू मेमन, श्रीमती एकता दीक्षित, गुंजेश कपिल, अजहर मेमन, शेख हसन खान, रूपेश साहू, इतेश सोनी सहित नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
