लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी होली की शुभकामनाएं
लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी होली की शुभकामनाएं
रायपुर। रंग, उमंग और सामाजिक समरसता के पावन महापर्व होली के अवसर पर रायपुर से लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का प्रतीक है, जो समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है।
बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने की प्रेरणा देता है। होली का त्योहार समाज में समानता और समरसता का संदेश देता है, जहां सभी लोग जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और गले मिलते हैं। यही भारतीय संस्कृति की असली पहचान है। उन्होंने प्रभु श्री राम का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी कृपा से यह उत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और अपार हर्ष लेकर आए।
उन्होंने कामना की कि होली के रंग प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि के नए द्वार खोलें। सांसद ने कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि वे समाज को जोड़ने और रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम भी होते हैं। होली हमें यह सिखाती है कि जीवन में रंगों की तरह विविधता का सम्मान करें और प्रेम के रंग को कभी फीका न पड़ने दें।
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील की कि वे होली का पर्व उत्साह और अनुशासन के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही, पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का आग्रह किया। अंत में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आपसी प्रेम और सद्भाव का यह रंग सदैव गहरा बना रहे और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही उनकी मंगलकामना है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के सुखद, सुरक्षित और आनंदमय होली पर्व की कामना की।
