August 7, 2026

एक ही रात में नशे में वाहन चलाने वाले बयालीस चालकों पर हुई वैधानिक कार्यवाही

DSc297261

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे की अवस्था में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार की रात्रि सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 09 प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से की गई जांच के दौरान 20 कार , 07 पिकअप , 04 दोपहिया , 10 ट्रक एवं 01 ऑटो मैजिक सहित कुल 42 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाये गये। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार तत्काल वैधानिक कार्यवाही की गई। यातायात पुलिस द्वारा वर्ष भर निरंतर चलाये जा रहे ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक कुल 3753 वाहन चालकों के विरुद्ध नशे की हालत में वाहन चलाने पर कार्यवाही की जा चुकी है। यह अभियान केवल चालानी कार्यवाही तक सीमित नहीं है , बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों में जागरूकता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। नशे की अवस्था में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता , प्रतिक्रिया समय तथा वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है , जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

इसी को ध्यान में रखते हुये यातायात पुलिस “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाते हुये ऐसे मामलों में लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही कर रही है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के माध्यम से यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन ना चलायें। आवश्यकता होने पर सार्वजनिक परिवहन , टैक्सी अथवा परिवार के अन्य सदस्य की सहायता लें। प्रत्येक नागरिक का जिम्मेदार व्यवहार ना केवल उसके स्वयं के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करता है , बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की रक्षा भी करता है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाती रहेगी।