निर्देशक सलीम खान का जन्मदिन आज, ‘सावधान छत्तीसगढ़ क्राइम सीरीज’ के पोस्टर से किया गया सेलिब्रेट
इतेश न्यूज़ सर्विस, रायपुर- छत्तीसगढ़ी फिल्मों के चर्चित निर्देशक, अभिनेता और लेखक सलीम खान जी का आज जन्मदिन है। थियेटर की दुनिया से अपनी यात्रा की शुरुआत करने वाले सलीम खान जी ने अभिनय, लेखन और निर्देशन तीनों ही क्षेत्रों में अपनी गहरी छाप छोड़ी है। वे एक ऐसे बहुमुखी कलाकार हैं जिन्होंने दर्शकों के दिलों में अपनी खास पहचान बनाई है।
सलीम खान जी ने कई छत्तीसगढ़ी फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभाईं और सफल निर्देशन के ज़रिए अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। हाल ही में उन्होंने चर्चित फिल्म ‘सूरतिया’ का निर्देशन किया, जो एन माही फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है और इसके निर्माता मोहित साहू जी हैं।
इसके अतिरिक्त, सलीम खान के निर्देशन में बनी शॉर्ट फिल्म ‘नन्ही परी’ को राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है, जो उनकी प्रतिभा का प्रमाण है। फिलहाल वे एक नई बड़े स्तर की फिल्म की तैयारी में जुटे हुए हैं।
आज उनके जन्मदिन के शुभ अवसर पर उनकी नई परियोजना ‘सावधान छत्तीसगढ़ क्राइम सीरीज’ के पहले एपिसोड का पोस्टर लॉन्च किया गया है। यह एक क्राइम वेबसीरीज है, जो सृष्टि फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है और बहुत जल्द ‘श्री पहल’ यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ की जाएगी। इस वेबसीरीज के लेखक और निर्देशक अग्नि नवरत्न हैं और इसे श्री पहल द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। इस सीरीज में सलीम खान उद्घोषक की भूमिका में नज़र आएंगे।
सलीम खान को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं। वे अपने नेक विचार, सरलता और सहयोगी स्वभाव के लिए पहचाने जाते हैं। वे हमेशा टीम भावना से काम करते हैं और कलाकारों को प्रोत्साहन देने में विश्वास रखते हैं, यही वजह है कि उनके साथ काम करने की इच्छा हर कलाकार रखता है।
