August 7, 2026

छत्तीसगढ़ की मॉडलिंग इंडस्ट्री में फर्जी मॉडल्स का बोलबाला, नए कलाकार हो रहे ठगी का शिकार

IMG_5209

इतेश न्यूज़ सर्विस, रायपुर

छत्तीसगढ़ की मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री इन दिनों गंभीर चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां एक ओर हमारी समाचार एजेंसी लगातार प्रदेश के असली टैलेंट और उभरते कलाकारों को मंच दे रही है, वहीं दूसरी ओर इंडस्ट्री में अन-सर्टिफाइड और अनुभवहीन मॉडल्स की बढ़ती संख्या ने हालात चिंताजनक बना दिए हैं।

विश्वसनीय जानकारी के अनुसार, कई नए लड़के-लड़कियाँ, जिन्हें मॉडलिंग की बेसिक ट्रेनिंग तक नहीं है, अपने आपको “प्रोफेशनल मॉडल” बताकर सोशल मीडिया और छोटे इवेंट्स में सक्रिय नज़र आ रहे हैं। इनका अनुभव कुछ महीनों से अधिक नहीं, लेकिन दावे बड़े-बड़े—और इन्हीं दावों के दम पर वे नए बच्चों को बहला–फुसलाकर मॉडलिंग सिखाने के नाम पर पैसे वसूल रहे हैं।

फिक्सिंग और फर्जी विनर्स भी सुर्खियों में

इंडस्ट्री में “फिक्सिंग” करके विनर्स बनाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। अब इसमें नया जोड़ यह है कि अनुभवहीन युवाओं को जज की कुर्सी पर बैठाकर उनसे फैसले करवाए जा रहे हैं। ऐसे जज नए प्रतिभागियों को प्रभावित करके उन्हें मॉडलिंग कोर्स या ट्रेनिंग के नाम पर ठग रहे हैं।

अनुभवहीन ‘ट्रेनर’ बने ठगी का नया जरिया

कई ऐसे मामलों का पता चला है जहां जिन युवाओं को खुद रैंप वॉक, पोज़िंग, बुनियादी कम्युनिकेशन और ग्रूमिंग की समझ तक नहीं है, वही खुद को ‘ट्रेनर’ बता रहे हैं। ये लोग 2–4 महीने के अनुभव को प्रमाणपत्र मानकर नए बच्चों से मोटी रकम वसूल रहे हैं।
इससे न सिर्फ नए कलाकारों का मनोबल टूट रहा है बल्कि पूरी मॉडलिंग इंडस्ट्री की विश्वसनीयता भी सवालों के घेरे में है। 

सच्चे टैलेंट के सामने खड़ी हो रही बड़ी चुनौती

हमारी एजेंसी लगातार वास्तविक और प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच प्रदान कर रही है। परंतु ऐसे फर्जी मॉडल और झूठे ट्रेनर्स, जो खुद किसी प्रोफेशनल मानकों पर खरे नहीं उतरते, सच्ची प्रतिभा को नुकसान पहुँचा रहे हैं। बच्चों और माता–पिता को जागरूक रहने की ज़रूरत है ताकि वे किसी भी कोर्स, वर्कशॉप या ट्रेनिंग में पैसा लगाने से पहले आयोजक और ट्रेनर की विश्वसनीयता की पूरी जांच कर लें।

छत्तीसगढ़ की मॉडलिंग इंडस्ट्री के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है कि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन मिले और फर्जी मॉडल–ट्रेनर्स पर लगाम कसी जाए।