भिलाई की बेटी वैष्णवी सिन्हा के सिर सजा मिस डाइमंड आइडल ऑफ़ छत्तीसगढ़ का ताज
सोशल मीडिया सेंसेशन से लेकर स्टेज की रानी तक – छत्तीसगढ़ को मिला नया फैशन स्टार
इतेश न्यूज़ सर्विस, छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ की मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री को एक और चमकता सितारा मिल गया है। भिलाई की बेटी वैष्णवी सिन्हा ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर मिस डाइमंड आइडल ऑफ़ छत्तीसगढ़ सीज़न 3 का खिताब जीतकर सबको चौंका दिया है। प्रदेशभर से आईं सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त कॉम्पिटिशन के बाद वैष्णवी ने ये ताज अपने नाम कर लिया।
वैष्णवी सिर्फ एक मॉडल नहीं, बल्कि एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और फिटनेस आइकन भी हैं, जिनके फिटनेस वीडियोस सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं और हजारों लोग उन्हें फॉलो करते हैं।
सबसे खास बात यह है कि वैष्णवी एक आर्मी ऑफिसर की बेटी हैं। देश के लिए समर्पित एक सैनिक की संतान होकर उन्होंने खुद भी मेहनत, अनुशासन और आत्मबल को अपना हथियार बनाकर मॉडलिंग के रणभूमि में परचम लहराया।
ENS NEWS के संस्थापक इतेश सोनी से खास बातचीत में वैष्णवी ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय अपने परिवार, माता-पिता और समर्थकों को दिया। उन्होंने कहा –
“मेरे पापा आर्मी में हैं, और उनका अनुशासन, उनकी सोच, और उनका सपोर्ट हमेशा मेरी ताकत रहा है। उन्होंने कभी मुझे रुकने नहीं दिया। जो कुछ भी आज हासिल किया है, उसमें उनका बहुत बड़ा हाथ है।”
उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर पूरे भिलाई शहर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के हर कोने से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। सोशल मीडिया पर फैन्स उन्हें नए छत्तीसगढ़ी ग्लैमर क्वीन के रूप में देख रहे हैं।
एक फौजी की बेटी होने का गर्व, और एक मॉडल के रूप में सफलता की उड़ान – वैष्णवी सिन्हा आज लाखों युवा दिलों की प्रेरणा बन चुकी हैं। छत्तीसगढ़ की यह शेरनी अब नेशनल लेवल पर भी अपनी छाप छोड़ने को तैयार है।
