August 8, 2026

देव नारायण सिन्हा बालक कल्याण समिति महासमुंद के जिला स्तरीय सदस्य के रूप में मनोनीत

df8ad807-71fb-4ac6-b765-960bfe9bdf7a

महिला एवं बाल विकास मंत्री व महासमुंद सांसद के प्रति जताया आभार

इतेश सोनी रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 (यथा संशोधित 2021) एवं नियम 2016 (यथा संशोधित 2022) के अंतर्गत धारा 27(1) के तहत राज्य स्तर पर गठित चयन समिति की अनुशंसा पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति की गई है।

इस क्रम में महासमुंद जिले से अधिवक्ता श्री देव नारायण सिन्हा को जिला स्तरीय बालक कल्याण समिति सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। श्री सिन्हा की सामाजिक सक्रियता, विशेष रूप से बच्चों के कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह दायित्व सौंपा गया है। विभाग ने उनकी कार्यनिष्ठा एवं समर्पण पर विश्वास जताया है।

मनोयन के पश्चात श्री सिन्हा ने महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े एवं महासमुंद सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मुझ पर जो विश्वास जताया गया है, उसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करूंगा और विभाग की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगा।”

श्री सिन्हा की नियुक्ति पर अधिवक्ता समुदाय एवं समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया, फोन कॉल्स और व्यक्तिगत भेंट के माध्यम से उन्हें बधाइयों का तांता लग गया। अधिवक्ता संघ रायपुर सहित अनेक सहयोगियों ने उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से अधिवक्ता श्री जे. के. पांडे, भंजन जांगड़े, अमन विश्वास, कृष्णा मेश्राम, नितेश गुप्ता, दीपांकर बैनर्जी, अनुराग साहू आदि शामिल हैं।

श्री सिन्हा की यह नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की सराहना है, बल्कि बाल संरक्षण जैसे संवेदनशील क्षेत्र में एक मजबूत नेतृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।